Advt.
Advt.
Advt.

सीएम धामी के जन्मदिन पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

Our News, Your Views

सीएम धामी के जन्मदिन पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री धामी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख और दीर्घायु की कामना करते हुए राष्ट्र और समाज के हित में किए जा रहे उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के अनुभव, समर्पण और दूरदर्शिता से उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि देश आज शक्ति की सप्तधारा के संकल्प के साथ विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में उत्तराखंड में सामर्थ्य, संसाधनों और जनशक्ति को नए आयाम देने के प्रयास महत्वपूर्ण हैं। इस दिशा में मुख्यमंत्री धामी की सक्रिय भूमिका अहम होगी।

यमकेश्वर शिव मंदिर में रुद्राभिषेक

मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर 16 सितंबर को यमकेश्वर स्थित शिव मंदिर में यमकेश्वर मंडल भाजपा संगठन की ओर से विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के अनुसार, धार्मिक अनुष्ठान में मुख्यमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की जाएगी। इसमें पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं के शामिल होने की बात कही गई है।

बाल वनिता आश्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम

जन्मदिन की पूर्व संध्या पर तिलक रोड स्थित बाल वनिता आश्रम में उत्तराखंड संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। आश्रम के बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प के तहत सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें भजन-कीर्तन, साहित्य सम्मेलन, कवि सम्मेलन, चित्रकला प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं।

17 सितंबर से ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान

भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने लोगों से 17 सितंबर की शाम छह से सात बजे के बीच घरों में दीया जलाने की अपील की है। पार्टी के अनुसार, यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की जनसेवा और विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प के प्रतीक के तौर पर आयोजित किया जाएगा।

पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की गई है। कार्यकर्ता लाभार्थी परिवारों के घर पहुंचकर उन्हें दीया प्रज्वलित करने के लिए प्रेरित करेंगे। इसके साथ ही 17 सितंबर को युवा मोर्चा की ओर से विभिन्न स्थानों पर रक्तदान कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

कंडोलिया मंदिर में भी होंगे धार्मिक आयोजन

पौड़ी में मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिन पर कंडोलिया मंदिर में हवन, पूजा-अर्चना और कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर डीएवी इंटर कॉलेज में शाम सात बजे सामूहिक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम प्रस्तावित है। पार्टी के अनुसार, 17 सितंबर से शुरू होने वाला अभियान एक महीने तक विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और सेवा गतिविधियों के साथ जारी रहेगा।


Our News, Your Views