दीपावली पर सीएम धामी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, गढ़वाल रेजिमेंट के जवानों के साथ मनाया पर्व
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों को सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि प्रकाश का यह पर्व सभी के जीवन में खुशहाली और सकारात्मकता लेकर आए।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की कृपा से दीपावली का पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य का प्रकाश फैलाए। उन्होंने कहा कि दीपों की रोशनी से हर घर-आंगन जगमगाए और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा सकारात्मकता का उजाला पहुंचे।
वहीं, मुख्यमंत्री ने देहरादून में गढ़वाल रेजिमेंट के वीर जवानों के साथ दीपावली मिलन समारोह में हिस्सा लेकर पर्व की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने सैनिकों और उनके परिवारजनों को दीपावली की बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिक परिवार से होने के कारण उनका जवानों के प्रति हमेशा आत्मीय और भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात जवानों के त्याग और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि हमारे सैनिक कई महत्वपूर्ण पर्व अपने परिवारों से दूर रहकर देश की सुरक्षा में बिताते हैं। उनका साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार सैनिकों के सम्मान, कल्याण और सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
