जेनी प्रकरण पर हरक सिंह रावत का भाजपा को खुला चैलेंज, बोले- एक भी दाग साबित हुआ तो राजनीति छोड़ दूंगा
न्यायालय की निगरानी में दोबारा जांच और डीएनए टेस्ट कराने की दी चुनौती, भाजपा पर छवि खराब करने की साजिश रचने का लगाया आरोप
देहरादून। उत्तराखंड में जेनी प्रकरण को लेकर राजनीतिक घमासान एक बार फिर तेज हो गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच कराने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकरण में उनके खिलाफ कोई भी आरोप साबित हो जाता है तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि यदि जांच में वह निर्दोष साबित होते हैं तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान हरक सिंह रावत ने आरोप लगाया कि प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार उनकी राजनीतिक छवि खराब करने के लिए जेनी प्रकरण को बार-बार उछाल रही है। उन्होंने भाजपा नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि मामले की जांच न्यायालय की निगरानी में कराई जाए। यहां तक कि उनका और संबंधित भाजपा नेताओं का डीएनए टेस्ट भी कराया जा सकता है। रावत ने दावा किया कि दून अस्पताल के रिकॉर्ड में जेनी के बेटे के पिता का नाम बबलू दर्ज है।
2003 के घटनाक्रम का भी किया जिक्र
हरक सिंह रावत ने वर्ष 2003 के घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री एनडी तिवारी से नारी निकेतन में जेनी से मीडिया को मिलने की अनुमति देने का आग्रह किया था, लेकिन इसकी अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में उनकी कोई गलती होती तो वह इतने आत्मविश्वास के साथ अपनी बात नहीं रखते।
अंकिता भंडारी मामले से जोड़कर लगाए राजनीतिक आरोप
पूर्व मंत्री ने जेनी प्रकरण को अंकिता भंडारी हत्याकांड से भी जोड़ते हुए आरोप लगाया कि प्रदेशभर में अंकिता को न्याय दिलाने की मांग उठ रही है। इस मुद्दे से ध्यान भटकाने और लोगों की आवाज दबाने के लिए जेनी प्रकरण को दोबारा राजनीतिक चर्चा में लाया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सीबीआई जांच में उन्हें पहले ही क्लीन चिट मिल चुकी है।
फिलहाल जेनी प्रकरण को लेकर हरक सिंह रावत के इस बयान ने प्रदेश की सियासत में नई बहस छेड़ दी है। उनके सीधे राजनीतिक संन्यास के ऐलान और दोबारा जांच की चुनौती के बाद अब भाजपा की प्रतिक्रिया पर भी सबकी नजरें टिकी हैं।
