सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 89 साल की उम्र में पैतृक गांव पंचूर में ली अंतिम सांस, सीएम धामी ने जताया शोक

Our News, Your Views

सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 89 साल की उम्र में पैतृक गांव पंचूर में ली अंतिम सांस, सीएम धामी ने जताया शोक

देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। उनकी माता सावित्री देवी का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्होंने शुक्रवार सुबह 11 बजे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में किया जाएगा। उनके निधन की सूचना मिलते ही उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।

मई में मां से मिलने पैतृक गांव पहुंचे थे सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपने पैतृक गांव और परिवार से गहरा जुड़ाव रहा है। संन्यास लेने के बाद उनकी पारिवारिक मुलाकातें भले ही सीमित रही हों, लेकिन वह समय-समय पर अपने गांव और परिजनों से मिलने पहुंचते रहे हैं।

इसी साल 7 मई को अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान सीएम योगी अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और परिजनों से मुलाकात की। 8 मई को वह अपने पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मां सावित्री देवी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था। मां से हुई यह मुलाकात अब उनकी आखिरी मुलाकात बन गई।

सीएम धामी ने जताया गहरा शोक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और प्यार जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होते हैं। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

सीएम धामी ने बाबा केदारनाथ से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित समस्त शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

सावित्री देवी के निधन से उत्तराखंड के पौड़ी स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में भी शोक का माहौल है।


Our News, Your Views