उत्तराखंड के स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा 6 प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, 10 मई 2026 अंतिम तिथि
देहरादून।
उत्तराखंड के आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा 6 में प्रवेश हेतु पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे राज्य के प्रतिभाशाली बालक एवं बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में करियर बनाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।
राज्य के प्रमुख खेल संस्थानों में विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही पेशेवर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, जूडो, हॉकी, वॉलीबॉल, शूटिंग, जिम्नास्टिक्स, तैराकी एवं आइस स्पोर्ट्स जैसी खेल विधाओं में प्रशिक्षण दिया जाता है। वहीं श्री हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज, पिथौरागढ़ में एथलेटिक्स, फुटबॉल और बॉक्सिंग की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज, चंपावत में बालिकाओं के लिए एथलेटिक्स, बैडमिंटन एवं बॉक्सिंग में प्रशिक्षण दिया जाता है।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश ममगाई के अनुसार, इन राज्य वित्तपोषित आवासीय विद्यालयों में चयनित छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं, आधुनिक उपकरण और अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन दिया जाएगा, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
प्रवेश के लिए निर्धारित पात्रता के अनुसार अभ्यर्थी की आयु 11 से 13 वर्ष के बीच होनी चाहिए (जन्म तिथि 01 जुलाई 2013 से 01 जुलाई 2015 के मध्य) तथा वह उत्तराखंड का मूल/स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षा, खेल कौशल और प्रवीणता के आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी पंजीकरण के लिए क्यूआर कोड स्कैन कर सकते हैं या आधिकारिक वेबसाइट www.mpscollege.in से ऑफलाइन आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 मई 2026 निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी के लिए +91 135-2788142 पर संपर्क किया जा सकता है।
