मसूरी रोड पर क्षतिग्रस्त पुल का सीएम धामी ने लिया जायजा, 2-3 माह में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में बारिश से क्षतिग्रस्त हुए पुल के पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि पुल निर्माण का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह मार्ग देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों का भी आवागमन होता है। उन्होंने कहा कि यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए दोनों ओर से वैली ब्रिज के निर्माण का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिसे जल्द ही संचालित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस स्थान पर स्थायी पुल का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है और इसे आगामी 2 से 3 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़कों और पुलों के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। विभिन्न क्षेत्रों में कई सड़क और पुल परियोजनाएं तेजी से क्रियान्वित की जा रही हैं, जिससे दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
आगामी चारधाम यात्रा और आदि कैलास यात्रा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि आवश्यक अवसंरचनात्मक कार्य समय पर पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा मिल सके। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति की सतत समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।
