15 सितंबर से शुरू होगी चारधाम हेली सेवा, मौसम साफ रहा तो ही उड़ान को मिलेगी अनुमति
देहरादून: उत्तराखंड चारधाम यात्रा के दूसरे चरण के तहत 15 सितंबर से हेली सेवाओं का संचालन शुरू होने जा रहा है। केदारनाथ धाम के लिए हेली शटल सेवा के साथ चारधाम के लिए चार्टर सेवा और हेमकुंड साहिब के लिए भी हेली सेवा शुरू की जाएगी। हालांकि, मानसून की पूरी तरह विदाई नहीं होने के कारण हेली सेवाओं का संचालन मौसम की स्थिति पर निर्भर रहेगा।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि 15 से 30 सितंबर तक की हेली टिकटों की बुकिंग 7 सितंबर को पूरी हो चुकी है। अब 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक की यात्रा के लिए टिकट बुकिंग 22 सितंबर को सुबह 11 बजे से शुरू होगी। श्रद्धालु आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से टिकट बुक कर सकेंगे।
15-15 दिन के चरण में होगी बुकिंग
हेली सेवाओं में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को सुविधा देने के लिए टिकट बुकिंग प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से खोली जा रही है। इसके तहत एक बार में 15 दिनों की अवधि के लिए टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य पूरे यात्रा सीजन की टिकट एक साथ बुक होने से रोकना और श्रद्धालुओं को पर्याप्त समय उपलब्ध कराना है।
प्रतीक जैन के मुताबिक, कुछ टिकटों को अंतिम समय में काउंटर टिकट के रूप में भी उपलब्ध रखा जाता है। हालांकि, इनका इस्तेमाल मौसम अनुकूल होने पर ही किया जा सकेगा।
मौसम पर रहेगी नजर, वेदर सिस्टम से होगी निगरानी
मानसून की विदाई के बावजूद पहाड़ी क्षेत्रों में अभी भी क्लाउड कवर अधिक है। ऐसे में हेली सेवाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। मौसम विभाग के साथ लगातार समन्वय बनाया गया है। इसके अलावा केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में वेदर ऑब्जरवेशन सिस्टम भी लगाए गए हैं, जिससे स्थानीय मौसम की स्थिति पर नजर रखी जा सकेगी।
अधिकारियों के अनुसार, मौसम की स्थिति के आधार पर ही हेलीकॉप्टर संचालन की अनुमति दी जाएगी। मानसून के अंतिम चरण और अधिक बादल छाए रहने के कारण शुरुआती दिनों में हेली सेवाओं के संचालन में देरी हो सकती है। मौसम में सुधार के बाद सेवाओं के सुचारू रूप से संचालित होने की उम्मीद है।
सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने साफ किया है कि टिकट उपलब्ध होने के बावजूद उड़ान का संचालन मौसम की अनुकूल परिस्थितियों में ही किया जाएगा।
