मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिया इस्तीफा, सरकार बनाने की कवायद हुई तेज़

Spread the love

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेo निo) से मुलाकात कर मुख्यमंत्री पद से त्याग पत्र सौंप दिया है। पुष्कर सिंह धामी का इस्तीफा स्वीकार करते हुए राज्यपाल ने उनसे राज्य में नए मुख्यमंत्री की नियुक्ति होने एवं पदभार ग्रहण करने की अवधि तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री बनने को कहा है। इस दौरान उनके साथ चार कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज अरविंद पांडे गणेश जोशी स्वामी यतीश्वरानंद मौजूद थे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भले ही चुनाव हार गए हों लेकिन भाजपा दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। बहुमत मिलने के बाद अब सरकार बनाने की कवायद तेजी पकड़ने लगी है और सभी विधायकों का राजधानी पहुँचने का सिलसिला शुरू हो गया है। संभावना है कि अगले दो-तीन दिन में भाजपा विधानमंडल दल की बैठक बुला सकती है।वहीं साथ-साथ, कौन बनेगा मुख्यमंत्री समेत “कुर्सी” की खींचतान भी शुरू हो गयी है। जहाँ कुछ भाजपा के कई दिग्गज मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नजरें गड़ाए नज़र आते हैं तो वहीँ कुछ मंत्री पद पाने को लालायित हैं।
इसके अलावा नई सरकार के मुखिया के लिए पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट, सतपाल महाराज के नाम भी चर्चा में हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार बदली परिस्थितियों में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर नेतृत्व मंथन में जुट गया है। हालांकि अधिक संभावना इस बात की है कि विधायकों में से ही मुख्यमंत्री का नाम तय किया जाएगा।

Spread the love