खटीमा में मुख्यमंत्री धामी ने ‘जन-जन की सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम में की शिरकत, विकास और जनकल्याण को बताया सरकार की प्राथमिकता
खटीमा, उत्तराखंड। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने तीन दिवसीय खटीमा प्रवास के दौरान रविवार को शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान, बगुलिया में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का फूल मालाओं, थारू सांस्कृतिक नृत्य एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित पंचमुखी हनुमान की तस्वीर मुख्यमंत्री को भेंट की।
मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत सद्भावना सीएलएफ द्वारा संचालित ‘दीदी कैफे’ का फीता काटकर उद्घाटन भी किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, मुफ्त राशन योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने तकनीक और पारदर्शिता के माध्यम से भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है तथा योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है।
उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और नकल विरोधी कानून को राज्य सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताते हुए कहा कि इन कदमों से सामाजिक न्याय और युवाओं के भविष्य को मजबूती मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और भर्ती प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है।
खटीमा को अपना परिवार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और भविष्य में भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि धामी सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केवल खटीमा ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की जनता की समस्याओं के प्रति सजग रहते हैं और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। मत्स्य विभाग द्वारा दो लाभार्थियों को ओर्नामेंटल फिश यूनिट निर्माण हेतु कुल तीन लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई। कृषि विभाग ने स्वयं सहायता समूहों को फार्म मशीनरी बैंक स्थापना के लिए लाखों रुपये के अनुदान स्वीकृत किए तथा किसानों को रासायनिक उर्वरक वितरित किए। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत महिलाओं को लाभान्वित किया। सहकारिता विभाग ने पंडित दीनदयाल योजना के तहत आठ लाभार्थियों को शून्य ब्याज दर पर एक-एक लाख रुपये के ऋण चेक वितरित किए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
