बाबा नीब करौरी के दरबार में श्रद्धालुओं का जनसैलाब, स्थापना दिवस पर सुबह से उमड़ी भारी भीड़

Our News, Your Views

बाबा नीब करौरी के दरबार में श्रद्धालुओं का जनसैलाब, स्थापना दिवस पर सुबह से उमड़ी भारी भीड़

कैंची धाम (नैनीताल)। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में सोमवार को 62वें स्थापना दिवस के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह मंदिर के कपाट खुलने और विशेष आरती के साथ स्थापना दिवस मेले का शुभारंभ हुआ। देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए देर रात से ही कतारों में खड़े नजर आए।

स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सुबह पांच बजे से ही मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं तथा चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

सुबह छह बजे के बाद भवाली की ओर से श्रद्धालुओं की लगभग एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई। बाबा नीब करौरी महाराज और भगवान श्रीराम के जयकारों के बीच श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश करते रहे। प्रशासन के अनुसार सुबह छह बजे तक दस हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके थे तथा मालपुए का प्रसाद ग्रहण कर चुके थे। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया गया है।

मेले में इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिला पुलिस के अलावा एसडीआरएफ, एटीएस, बम निरोधक दस्ता, एलआईयू और अर्द्धसैनिक बलों के जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए तीन जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक, सात अपर पुलिस अधीक्षक, चौदह क्षेत्राधिकारी तथा वायरलेस विभाग के अधिकारी भी तैनात हैं। करीब 1500 से अधिक पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स के जवान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता में लगे हुए हैं।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। कैंची धाम की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भीमताल, भवाली, सैनिटोरियम, नैनीताल, खैरना, अल्मोड़ा, हल्द्वानी और काठगोदाम से नॉन-स्टॉप शटल सेवाएं संचालित की जा रही हैं। निजी वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा कर शटल सेवा के माध्यम से ही कैंची धाम पहुंचने की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त यातायात प्रबंधन को सुव्यवस्थित रखने के लिए येलो स्टीकर व्यवस्था भी लागू की गई है।

एसएसपी नैनीताल ने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, धैर्य बनाए रखने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करने की अपील की है, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम तरीके से बाबा के दर्शन कर सकें।

कैंची धाम का स्थापना दिवस हर वर्ष देश और विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र रहता है। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिल रहा है और बाबा नीब करौरी महाराज के जयकारों से कैंची धाम गूंज रहा है।


Our News, Your Views