सीएम धामी ने बागेश्वर में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की, खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया

Our News, Your Views

बागेश्वर में विकास कार्यों की प्रगति का सीएम धामी ने लिया जायजा, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को बागेश्वर पहुंचे, जहाँ उन्होंने सरयू नदी तट पर जारी विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी कार्य समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और योजनाओं के क्रियान्वयन पर फीडबैक भी प्राप्त किया।

सीएम धामी बागेश्वर भ्रमण के दौरान बैडमिंटन इंडोर स्टेडियम भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के साथ बैडमिंटन खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने प्रशिक्षण सुविधाओं, खेल उपकरणों और उपलब्ध संसाधनों का जायजा लेते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल अवसंरचना को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय व वैश्विक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

मुख्यमंत्री ने बागनाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और विभिन्न विषयों पर बातचीत की।

सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर मुख्यमंत्री धामी ने वीर सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया। इस दौरान सैनिक कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री को टोकन फ्लैग एवं लापेल पिन लगाया गया।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को स्थानीय लोगों के बीच सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जहाँ विकास, खेल और जनसरोकारों को लेकर उनकी प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।


Our News, Your Views