टिकट बंटवारे से विवाद गहराया, वरिष्ठ नेता ने पार्टी नेतृत्व पर लगाए गंभीर आरोप

Our News, Your Views

उत्तराखंड में निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। टिकट बंटवारे को लेकर नाराज वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी ने सार्वजनिक रूप से अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि उन्होंने नगर निगम पिथौरागढ़ में मेयर पद के लिए अपनी पत्नी रुक्मणी जोशी की दावेदारी प्रस्तुत की थी, और वह लंबे समय से इसके लिए तैयारी कर रहे थे। लेकिन अंतिम समय में पार्टी ने यह टिकट अंजू लूंठी को सौंप दिया। नाराज मथुरा जोशी ने आरोप लगाया कि पार्टी में समर्पित कार्यकर्ताओं को उनके ईमानदार प्रयासों का उचित फल नहीं दिया जा रहा।

जोशी ने कहा, “हमने संगठन की मजबूती के लिए वर्षों तक मेहनत की, लेकिन पार्टी ने हमारे साथ धोखा किया। अब ऐसा लगता है कि परिवार को समय देना संगठन के लिए खपने से बेहतर है।”

इस विवाद के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है, और यह सवाल खड़ा हो रहा है कि क्या यह पार्टी के आंतरिक समीकरणों को और अधिक नुकसान पहुंचाएगा। चुनावी माहौल में कांग्रेस के लिए यह विवाद एक बड़ा झटका साबित हो सकता है। जहां एक ओर कांग्रेस नेतृत्व टिकट वितरण को सामूहिक और पारदर्शी प्रक्रिया बता रहा है, वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता खुद इसे धोखा करार दे रहे हैं। इस विरोधाभास ने कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Our News, Your Views