उत्तराखंड में तेजी से फ़ैल रहा डेंगू, मरीजों की संख्या 1000 पार

Spread the love

मानसून के कमजोर होने के साथ ही मौसमी बीमारियां डेंगू और मलेरिया तेजी से बढ़ने लगी है। उत्तराखंड में डेंगू के केस दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। लगातार मिल रही ख़बरों के अनुसार अभी तक 1000 के करीब केस आने का अनुमान है जो दिनो-दिन बढ़ रहे हैं। देहरादून में ही  डेंगू के संक्रमित मरीज एवं मौत की संख्या बढ़ना चिंता का सबब बना हुआ है। राजधानी देहरादून में डेंगू मरीजों की संख्या 600 से ऊपर है वहीं डेंगू से हुई मौतों की संख्या भी 12 हो गई हैं। हरिद्वार में भी डेंगू के मामले 165 तक पहुंच गए हैं।

File Photo

डेंगू के बढ़ते मामले को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वाथ्य विभाग को निर्देश दिए है। स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है इसी कड़ी में राज्य के सभी क्षय अधिकारीयों को ब्लड केन्द्रो के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही अस्पतालों के निरिक्षण के लिए अधिकारीयों की जिम्मेदारी भी तय की गयी है। डेंगू के बढ़ते मामलों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत अधिकारीयों से लगातार संपर्क हैं और बैठक करके जरुरी निर्देश दे रहे है।

दून अस्पताल में 13 वर्षीय किशोरी की मौत हो गयी है। दून अस्पताल के डीएमएस धनंजय डोभाल बताते हैं कि 13 वर्षीय किशोरी  को छह सितम्बर को भर्ती कराया गया था, वह एक निजी अस्पताल से रेफर होकर आयी थी। अब तक जिले में 611 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। 38 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। 128 मरीज अभी अस्पताल में भर्ती हैं।

File Photo

हरिद्वार में भी डेंगू का प्रकोप बढ़ने लगा है। उत्तराखंड के स्वास्थ्य सचिव आर राजेश ने आज हरिद्वार में जिला अस्पताल और महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इसी बीच उन्होंने मरीजों से मुलाकात कर संवाद किया और उनका हाल जाना। उन्होंने अस्पताल में खाने की गुणवत्ता और उन्हें मिल रही सुविधाओं का हाल भी जाना।चिकित्सा विशेषज्ञों के मुताबिक किसी संक्रमण रोग के तीन साल के बाद प्रकोप बढ़ने की संभावना रहती है। डेंगू का संक्रमण काल नवंबर- दिसंबर रहता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशानिर्देश के बाद फॉगिंग और लार्वा नष्ट करने के लिए विभागों ने कसरत तेज की है।


Spread the love