नवरात्र तक हो सकता है धामी मंत्रिमंडल विस्तार, अटकलों का बाजार गर्म

Our News, Your Views

देहरादून/ उत्तराखंड की धामी सरकार अपने तीन साल पूरे करने जा रही है, और इसी के साथ मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की चर्चाएं तेज हो गई हैं। विभिन्न मीडिया स्रोतों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, नवरात्र के दौरान कैबिनेट को नया स्वरूप दिया जा सकता है। संभावित फेरबदल में तीन वरिष्ठ मंत्रियों की विदाई तय मानी जा रही है, जिनका प्रदर्शन इस निर्णय का आधार बनेगा। वहीं, पांच खाली पदों को भी भरा जाएगा, जिसमें क्षेत्रीय और जातीय संतुलन को प्राथमिकता दी जाएगी।

पंजाबी समाज के विधायक को मिल सकती है जगह—

नए मंत्रिमंडल के लिए तैयार किए गए संभावित ड्राफ्ट में पंजाबी समाज के एक विधायक को शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा, वरिष्ठता और अनुभव के आधार पर नए मंत्रियों की नियुक्ति होगी। कैबिनेट विस्तार को लेकर अंतिम मुहर केंद्रीय नेतृत्व लगाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जल्द ही दिल्ली दौरा कर शीर्ष नेतृत्व से इस विषय में चर्चा कर सकते हैं।

आरएसएस की बैठक के बाद बढ़ सकती है राजनीतिक गतिविधियां—

मंत्रिमंडल विस्तार पर अंतिम निर्णय से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की 21 से 23 मार्च तक बेंगलुरु में होने वाली प्रतिनिधि सभा का इंतजार किया जा रहा है। इस सभा में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष भी शामिल होंगे। ऐसे में संभावना है कि कैबिनेट फेरबदल पर अंतिम चर्चा 23 मार्च के बाद शुरू होगी।

भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा संभव—

कैबिनेट विस्तार से पहले उत्तराखंड भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा हो सकती है। इस दौड़ में कई नाम चर्चा में हैं, जिनमें वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, पूर्व कैबिनेट मंत्री खजानदास, वरिष्ठ विधायक विनोद चमोली, विधायक आशा नौटियाल और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज शामिल हैं।

35 विभाग संभाल रहे मुख्यमंत्री—

कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद मंत्रिमंडल में पांच स्थान खाली हो गए हैं। इसके चलते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को 35 विभागों का जिम्मा संभालना पड़ रहा है, जिससे प्रशासनिक कामकाज पर असर पड़ सकता है। अप्रैल 2023 में कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास के निधन के बाद से ही उनके विभाग भी मुख्यमंत्री के अधीन हैं।

दिल्ली में सक्रिय हुए मंत्री पद के दावेदार—

मंत्री पद के दावेदारों ने दिल्ली में अपने संपर्कों को सक्रिय करना शुरू कर दिया है। अब तक एक दर्जन से अधिक भाजपा विधायक दिल्ली दौरा कर चुके हैं, और कुछ अभी भी वहां जमे हुए हैं। भाजपा सूत्रों के अनुसार, 26 मार्च के बाद किसी भी समय प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जा सकती है, जबकि मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल नवरात्र के दौरान होने की संभावना है।


Our News, Your Views