“उत्तराखंड के श्रमिकों को बड़ी सौगात: नई कल्याणकारी योजनाएं शुरू, मेडिकल मोबाइल वैन भी रवाना”

Our News, Your Views

“उत्तराखंड के श्रमिकों को बड़ी सौगात: नई कल्याणकारी योजनाएं शुरू, मेडिकल मोबाइल वैन भी रवाना”

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए कई नई योजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत दो मेडिकल मोबाइल वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज शुरू की गई योजनाएं श्रमिकों और उनके परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री पोषण योजना के माध्यम से श्रमिक परिवारों को पोषण सहायता प्रदान की जाएगी, जबकि मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना के तहत श्रमिकों के बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान से प्रेरित मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री वितरण कार्यक्रम के तहत श्रमिक परिवारों को हाईजीन किट वितरित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि श्रमिक परिवारों के बच्चों को कौशल विकास से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत पात्र छात्र-छात्राओं को योग एवं वेलनेस के क्षेत्र में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। हर वर्ष 210 बच्चों को आवासीय सुविधा सहित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 70 युवाओं को प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद रोजगार से जोड़ने की भी व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है और योजनाओं का लाभ वास्तविक श्रमिकों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के अंतर्गत शुरू की गई मोबाइल मेडिकल वैन के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों को उनके कार्यस्थल और आवास स्थल पर ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि इन मेडिकल मोबाइल वैन में एक्स-रे, ईसीजी सहित 44 प्रकार की जांचें निःशुल्क उपलब्ध होंगी। साथ ही टेली-कंसल्टेशन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह भी मिलेगी। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद श्रमिकों की तीन माह तक नियमित स्वास्थ्य मॉनिटरिंग की जाएगी। इस सेवा की शुरुआत पौड़ी गढ़वाल और चंपावत जनपद से की जा रही है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में विस्तारित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए “श्रमेव जयते” के मंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार श्रमिकों के सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति मानती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि जो हाथ प्रदेश के विकास का निर्माण करते हैं, उनका और उनके परिवार का जीवन भी सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध हो। इसी सोच के तहत श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, महिला श्रमिकों के मातृत्व सहयोग, पोषण सहायता तथा श्रमिक परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहयोग जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों को औजार, साइकिल और सिलाई मशीन उपलब्ध कराकर उनकी आजीविका को मजबूत बनाने का प्रयास कर रही है। साथ ही पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को घर बनाने या खरीदने के लिए आर्थिक सहायता तथा वृद्ध श्रमिकों को मासिक पेंशन भी प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने सभी पात्र श्रमिकों से अपील की कि वे उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण समय-समय पर नवीनीकृत कराते रहें, ताकि सरकार द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें मिलता रहे।

कार्यक्रम में बोर्ड के सचिव पी.सी. दुम्का ने बोर्ड की विभिन्न गतिविधियों एवं नई योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।


Our News, Your Views