उत्तराखंड में 27 जुलाई से शुरू होगी अग्निवीर भर्ती, JCO, हवलदार और कई पदों पर मिलेगा मौका
देहरादून। भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती रैली की तिथियों की घोषणा कर दी है। उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में 27 जुलाई से 6 अगस्त तक भर्ती कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जेसीओ (जूनियर कमीशंड ऑफिसर), हवलदार, नर्सिंग असिस्टेंट, फार्मा सहित कई पदों पर भर्ती की जाएगी। सेना भर्ती कार्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार युवाओं को निर्धारित तिथियों पर भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार 27 जुलाई को धार्मिक शिक्षक जेसीओ एवं हवलदार एजुकेशन पदों के लिए उत्तराखंड के सभी जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती आयोजित की जाएगी। 28 जुलाई को सिपाही टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट) तथा 29 जुलाई को सिपाही टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट) एवं सिपाही फार्मा पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित होगी।
इसके बाद 30 जुलाई को बागेश्वर जिले के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती कैंप लगाया जाएगा। 31 जुलाई को बागेश्वर और नैनीताल जिले के अभ्यर्थी भर्ती में शामिल होंगे। एक अगस्त को नैनीताल, जबकि 2 अगस्त को नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिले के युवाओं के लिए भर्ती आयोजित की जाएगी।
3 अगस्त को ऊधम सिंह नगर और अल्मोड़ा जिले के अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा। 4 और 5 अगस्त को अल्मोड़ा जिले के युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया चलेगी, जबकि 6 अगस्त को अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलों के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती कैंप आयोजित किया जाएगा।
इस बार अग्निवीर भर्ती को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिल सकता है। इसकी एक बड़ी वजह राज्य सरकार द्वारा अग्निवीरों के लिए घोषित की गई विशेष सुविधाएं हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार ने अग्निवीर सेवा पूरी कर लौटने वाले युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की घोषणा की है।
राज्य सरकार ने अग्निवीरों को समूह ‘ग’ की सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने का निर्णय लिया है। इसके अलावा स्वरोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता, ऋण सुविधाएं और विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ने की भी व्यवस्था की जा रही है। सरकार का मानना है कि इन कदमों से अग्निवीर सेवा के बाद युवाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए रास्ते खुलेंगे।
राज्य सरकार की इन घोषणाओं के बाद माना जा रहा है कि इस वर्ष बड़ी संख्या में युवा अधिक उत्साह और जोश के साथ अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में भाग लेंगे। सेना में सेवा का अवसर और भविष्य में रोजगार की बेहतर संभावनाएं युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन रही हैं।
