रुड़की के लाठरदेवा अंडरपास पर चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी, कार के डैशबोर्ड से मिली 980 ग्राम हेरोइन
हरिद्वार। उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रुड़की की गंगनहर कोतवाली पुलिस ने पंजाब से लाई जा रही अवैध हेरोइन की एक बड़ी खेप बरामद करते हुए एक अंतरराज्यीय नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 980 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर गंगनहर कोतवाली पुलिस लाठरदेवा अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर सड़क किनारे खड़ी एक कार में बैठे युवक पर पड़ी। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख युवक घबरा गया और कार छोड़कर भागने का प्रयास करने लगा।
पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद कार की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड के भीतर छिपाकर रखी गई 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब निवासी गुरविंदर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास, संपर्कों और कॉल डिटेल्स की जांच में जुट गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि उत्तराखंड और पंजाब के बीच सक्रिय इस कथित ड्रग्स नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि देवभूमि में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
