मेरठ से ऋषिकेश तक दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन, दिल्ली-ऋषिकेश सफर होगा सिर्फ 3 घंटे में

Our News, Your Views

मेरठ से ऋषिकेश तक दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन, दिल्ली-ऋषिकेश सफर होगा सिर्फ 3 घंटे में

देहरादून। उत्तराखण्ड की परिवहन और कनेक्टिविटी व्यवस्था को नई दिशा देने वाली एक महत्वाकांक्षी परियोजना पर तेजी से काम शुरू होने जा रहा है। मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन (आरआरटीएस) चलाने की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों के बाद उत्तराखण्ड सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के बीच इस परियोजना को लेकर सहमति बन गई है। अब जल्द ही परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए सर्वे कार्य शुरू किया जाएगा।

दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन का संचालन पहले ही शुरू हो चुका है। इसके विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार केंद्र सरकार के समक्ष पैरवी कर रहे थे। इसी क्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर को प्रस्ताव सौंपा था। इसके बाद मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन सेवा के विस्तार पर सहमति बनी।

परियोजना को गति देने के लिए उत्तराखण्ड सरकार ने अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है, जबकि एनसीआरटीसी भी अपना नोडल अधिकारी नियुक्त कर चुका है। उत्तर प्रदेश सरकार की सहमति मिलने के बाद अब लगभग 150 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित ट्रैक के लिए सर्वे कार्य शुरू होने जा रहा है।

प्रस्तावित योजना के अनुसार नमो भारत ट्रेन का नया ट्रैक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होकर मुजफ्फरनगर के रास्ते उत्तराखण्ड में प्रवेश करेगा। इसके बाद यह रुड़की, हरिद्वार और हर की पैड़ी क्षेत्र से होते हुए ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगा। प्रस्तावित ट्रैक का लगभग 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश और 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखण्ड में होगा।

इस परियोजना के पूरा होने के बाद उत्तराखण्ड आने वाले तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। वर्तमान में दिल्ली से ऋषिकेश की यात्रा सड़क मार्ग से लगभग पांच से छह घंटे में पूरी होती है, जबकि नमो भारत ट्रेन के संचालन के बाद यही सफर करीब ढाई से तीन घंटे में पूरा किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन सेवा का विस्तार उत्तराखण्ड की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। इससे तीर्थाटन, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और एनसीआरटीसी के साथ मिलकर इस परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए लगातार समन्वय कर रही है। बेहतर रेल एवं परिवहन अवसंरचना से राज्य में निवेश, विकास और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

प्रमुख बिंदु

  • मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन।
  • कुल 150 किलोमीटर लंबे नए ट्रैक का होगा निर्माण।
  • उत्तर प्रदेश में 72 किमी और उत्तराखण्ड में 78 किमी ट्रैक।
  • रुड़की, हरिद्वार और ऋषिकेश को मिलेगा सीधा हाई स्पीड रेल संपर्क।
  • दिल्ली से ऋषिकेश का सफर घटकर लगभग 2.5 से 3 घंटे रह जाएगा।
  • परियोजना की डीपीआर तैयार करने के लिए जल्द शुरू होगा सर्वे।

Our News, Your Views