यात्रियों की सुविधा से समझौता नहीं: परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा का UTC मुख्यालय दौरा, अधिकारियों को सख्त निर्देश

Our News, Your Views

यात्रियों की सुविधा से समझौता नहीं: परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा का UTC मुख्यालय दौरा, अधिकारियों को सख्त निर्देश

देहरादून।
उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कुल्हान, सहस्त्रधारा स्थित उत्तराखंड परिवहन निगम (UTC) मुख्यालय का औपचारिक दौरा कर निगम की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

मुख्यालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मंत्री ने अधिकारियों के साथ परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने निर्माणाधीन बस अड्डों के कार्यों में तेजी लाने और ग्रामीण क्षेत्रों तक बस सेवाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में भी बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो सके।

पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मंत्री ने इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने और स्मार्ट टिकटिंग व रियल-टाइम ट्रैकिंग जैसी आधुनिक तकनीकों को तेजी से लागू करने पर जोर दिया। साथ ही, बसों के संचालन में समयबद्धता सुनिश्चित करने और सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में कर्मचारियों के प्रशिक्षण और उनकी कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि एक सक्षम और संतुष्ट कर्मचारी ही बेहतर सेवा दे सकता है।

इस अवसर पर मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा, “उत्तराखंड परिवहन निगम राज्य की जीवनरेखा है। हमारा लक्ष्य इसे आत्मनिर्भर बनाने के साथ देश के सबसे आधुनिक परिवहन निकायों में शामिल करना है।”

इसके अलावा, उन्होंने शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि यात्रियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दोहराया कि “यात्री संतुष्टि” विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।


Our News, Your Views