देहरादून में टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन पड़ा भारी, ज्योति रौतेला सहित कई पर केस दर्ज

Our News, Your Views

देहरादून में टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन पड़ा भारी, ज्योति रौतेला सहित कई पर केस दर्ज

देहरादून: नर्सिंग भर्ती आंदोलन के दौरान पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में आंदोलन का चेहरा बनी ज्योति रौतेला समेत अन्य सहयोगियों के खिलाफ कोतवाली डालनवाला में विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है।

एसपी सिटी Pramod Kumar ने बताया कि ज्योति रौतेला और उनके साथ पानी की टंकी पर चढ़े चार अन्य लोगों सहित प्रदर्शनकारियों पर सड़क जाम कर आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न करने, पेयजल व्यवस्था एवं अन्य सरकारी कार्यों में अवरोध पैदा करने, लोक सेवक के आदेशों की अवज्ञा करने और ज्वलनशील पदार्थ के साथ आत्मदाह की धमकी देकर लोक शांति भंग करने जैसे आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के चलते सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित हुई और जनमानस को असुविधा का सामना करना पड़ा। इसी आधार पर डालनवाला कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वहीं मुकदमा दर्ज होने के बाद अस्पताल से ज्योति रौतेला की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने एसएसपी देहरादून का बयान देखा है, जिसमें टंकी पर चढ़े लोगों पर वैधानिक कार्रवाई की बात कही गई है। ज्योति रौतेला ने अपील करते हुए कहा कि अन्य बच्चों पर कार्रवाई न की जाए क्योंकि उनके भविष्य का सवाल है। उन्होंने कहा कि जो भी कार्रवाई करनी हो, उनके खिलाफ की जाए और वह कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।

इसके बाद ज्योति रौतेला ने सोशल मीडिया पर एक और वीडियो साझा करते हुए लिखा कि “नर्सिंग कर्मचारियों के 160 दिन की लड़ाई की जीत की अभी शुरुआत हुई है।”

गौरतलब है कि नर्सिंग भर्ती और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलन जारी था, जिसके दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।


Our News, Your Views