बरसात का कहर : 13 लोगों का नहीं चला पता, सर्च-रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Spread the love

शुक्रवार रात उत्तराखंड में भारी बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। आफत की बारिश  के बाद से हालात अभी भी आपदा वाले हैं। घटना के करीब 48 घंटे बीत जाने के बाद अभी भी 13 लोग लापता हैं। अतिवृष्टि के बाद से पुलिस-प्रशासन, एसडीआरएफ का सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

शुक्रवार रात को भारी बारिश ने देहरादून और टिहरी जिले में कहर बरपाया। अतिवृष्टि से आई आपदा में लापता लोगों का 48 घंटे बाद भी पता नहीं चल पाया है। आपदा जैसे हालत में अभी भी 13 लोग लापता हैं। हालाँकि देहरादून में रविवार को सौंग नदी, सौड़ा सरोली से संजय कुमार 45 वर्ष निवासी भगत सिंह कालोनी देहरादून का शव बरामद हुआ है। देहरादून में सात और टिहरी में छह लोगों का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है। एसडीआरएफ का सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

गढ़वाल मंडल आयुक्त सुशील कुमार के मुताबिक गढ़वाल मंडल में आठ मकान पूरी तरह से और 44 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। 63 पशुओं की मौत हुई है। प्रभावित क्षेत्रों में राशन और खाने के पैकेट पहुंचाए जा रहे हैं। अतिवृष्टि के बाद किसानों की भूमि को भी भारी नुकसान हुआ है। गढ़वाल मंडल आयुक्त के मुताबिक राजस्व विभाग की ओर से कृषि भूमि को हुए नुकसान का सर्वे शुरू कर दिया गया है। अतिवृष्टि से राजकीय परिसंपत्तियों को भी काफी नुकसान हुआ है।


Spread the love