Advt.
Advt.
Advt.

उत्तराखंड में 6 IAS-PCS व सचिवालय सेवा अधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल, आनंद श्रीवास्तव बने महानिदेशक कृषि एवं उद्यान

Our News, Your Views

उत्तराखंड में 6 IAS-PCS व सचिवालय सेवा अधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल, आनंद श्रीवास्तव बने महानिदेशक कृषि एवं उद्यान

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), पीसीएस और सचिवालय सेवा के कुल छह अधिकारियों के दायित्वों में आंशिक फेरबदल किया है। जारी आदेशों के तहत कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों से विभागीय दायित्व वापस लिए गए हैं।

इस फेरबदल में सबसे महत्वपूर्ण नियुक्ति आईएएस अधिकारी आनंद श्रीवास्तव की मानी जा रही है। उन्हें महानिदेशक कृषि एवं उद्यान का दायित्व सौंपा गया है। यह पद पिछले कुछ समय से रिक्त चल रहा था। इससे पूर्व इस पद की जिम्मेदारी आईएएस अधिकारी वंदना संभाल रही थीं, लेकिन उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद यह पद खाली था।

शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार विजय कुमार जोगदंडे को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ अपर सचिव गृह की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। वहीं विनोद गिरि गोस्वामी से अपर सचिव आवास का दायित्व वापस ले लिया गया है।

पीसीएस अधिकारी सुंदरलाल सेमवाल से अपर सचिव समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी वापस ली गई है। बताया जा रहा है कि सेमवाल जल्द ही सेवानिवृत्त होने वाले हैं, जिसके चलते उनके दायित्वों में कमी की जा रही है।

सचिवालय सेवा के अधिकारियों में भी बदलाव किया गया है। सुनील सिंह को अपर सचिव आवास की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वे पहले से अपर सचिव राजस्व का कार्यभार संभाल रहे हैं।

वहीं, पदोन्नति के बाद नई तैनाती की प्रतीक्षा कर रहीं महिमा रौकली को अपर सचिव राजस्व एवं सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बड़ी तबादला सूची का इंतजार जारी

हालांकि शासन स्तर पर इस फेरबदल को सामान्य प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है, लेकिन राज्य में अधिकारियों की बहुप्रतीक्षित बड़ी तबादला सूची का इंतजार अभी भी बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार कई जिलों के जिलाधिकारियों, विकास प्राधिकरणों और शासन स्तर के महत्वपूर्ण पदों पर भी बदलाव की तैयारी चल रही है।

जानकारी के मुताबिक, सरकार द्वारा इस संबंध में आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। माना जा रहा है कि संबंधित प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सितंबर के मध्य तक एक व्यापक तबादला सूची जारी की जा सकती है।

The Mountain Stories Desk


Our News, Your Views