प्रदेश भाजपा संगठन में बदलाव के संकेत! बैठकों का दौर शुरू

Spread the love

प्रदेश भाजपा संगठन में बदलाव की सुगबुगाहट है, संकेत मिल रहे हैं कि प्रदेश अध्यक्ष समेत कई महत्वपूर्ण पदाधिकारी बदले जा सकते हैं। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऋतु खंडूरी के विधानसभा अध्यक्ष बनने के बाद इस पद पर भी नियुक्ति होने समेत भाजपा में प्रदेश पदाधिकारियों के कई महत्वपूर्ण और पद भी खाली चल रहे हैं।

सियासी गलियारों में चर्चा है कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष बदलने जा रही है। तर्क दिया जा रहा है कि धामी सरकार में तीन मंत्री पद रिक्त रखे गए हैं और हरिद्वार जिले को कोई मंत्री पद नहीं दिया गया है। ऐसे में कौशिक को मंत्री बनाकर हरिद्वार जिले को साधने का प्रयास किया जा सकता है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री धामी को छह माह के भीतर विधानसभा का सदस्य बनना है। वह कौन सी सीट से चुनाव लड़ेंगे, पार्टी का कोई विधायक उनके लिए सीट खाली करेगा या फिर पार्टी विपक्ष के किसी विधायक को इसके लिए तैयार करेगी, इस सबको लेकर कई दिनों से चर्चाओं का बाजार गर्म है।
इस कड़ी में भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम के आज होने वाले देहरादून दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वह प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी अलग से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा कि वह इन विषयों पर बातचीत कर केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराएंगे। हालांकि यह तय है की इस बारे में निर्णय केंद्रीय नेतृत्व ही तय करेगा।
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष 24 अप्रैल को देहरादून आ रहे हैं। इस दौरान वह प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ संगठन की समीक्षा के साथ ही अलग-अलग विषयों पर मंथन करेंगे। यद्यपि, भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने बताया कि प्रदेश प्रभारी का यह रूटीन दौरा है।
इसी बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज शनिवार सुबह 11 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर उपचुनाव के लिए सीट के निर्धारण, प्रदेश संगठन में बदलाव जैसे विषयों पर बातचीत कर सकते हैं।

Spread the love