दिवाली कब है! कब है दिवाली?, जानें कन्फ्यूजन का कारण और सही तिथि

दिवाली diwali
Spread the love

इस साल 2024 में दिवाली की तिथि को लेकर लोगों के बीच काफी भ्रम की स्थिति बनी हुई थी। कुछ लोग दिवाली 31 अक्टूबर को मानाने की बात कह रहे थे, जबकि अन्य का मानना था कि यह पर्व 1 नवंबर को मनाया जाना चाहिए। लेकिन अब धार्मिक विद्वानों और ज्योतिषाचार्यों की राय से यह स्पष्ट हो गया है कि इस वर्ष दिवाली 31 अक्टूबर 2024 को मनाई जाएगी।

चित्र साभार – सोशल मीडिया

कन्फ्यूजन का कारण: तिथियों का अंतर—

दिवाली का पर्व सदियों से कार्तिक माह की अमावस्या तिथि को मनाया जाता है। इस वर्ष, पंचांग के अनुसार, कार्तिक अमावस्या तिथि का प्रारंभ 31 अक्टूबर 2024 को दोपहर 3 बजकर 52 मिनट पर होगा और यह 1 नवंबर 2024 की शाम 6 बजकर 16 मिनट पर समाप्त होगी। अमावस्या की तिथि दो दिनों में विभाजित होने के कारण, यह भ्रम उत्पन्न हुआ कि दिवाली किस दिन मनाई जाए। कुछ लोगों का तर्क था कि उदयातिथि के अनुसार दिवाली 1 नवंबर को मनाई जानी चाहिए। वहीं, अन्य ने कहा कि दिवाली के लिए अमावस्या तिथि का प्रदोष काल में होना अनिवार्य है, जो इस वर्ष 31 अक्टूबर की रात को ही प्राप्त हो रही है।

चित्र – ओम जोशी

31 अक्टूबर को क्यों मनाएं दिवाली?—

भारतीय परंपरा के अनुसार, दिवाली का मुख्य पर्व रात में मनाया जाता है और अमावस्या की रात में लक्ष्मी पूजन का विशेष महत्व है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के विद्वानों और अखिल भारतीय विद्वत् परिषद के निर्णय के अनुसार, इस साल 31 अक्टूबर की रात को ही अमावस्या तिथि है, जबकि 1 नवंबर की रात तक आते-आते यह तिथि समाप्त हो जाएगी। इसलिए 31 अक्टूबर को दिवाली का पूजन करना शास्त्रों के अनुसार उचित माना गया है।

चित्र साभार – सोशल मीडिया

विद्वानों का निर्णय और धर्मसभा का निष्कर्ष—

15 अक्टूबर 2024 को जयपुर स्थित केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित अखिल भारतीय विद्वत् परिषद की धर्मसभा में दिवाली की तिथि पर विचार किया गया। प्रो. रामपाल जी शास्त्री की अध्यक्षता में हुई इस सभा में 100 से अधिक ज्योतिषाचार्य और विद्वानों ने हिस्सा लिया। सभी की सहमति से यह निर्णय हुआ कि दिवाली का पर्व 31 अक्टूबर 2024 को मनाना शास्त्रसम्मत है। इसके बाद परिषद ने एक विज्ञप्ति जारी कर इस तिथि को पूरे भारत में दिवाली मनाने के लिए उचित बताया।

चित्र – ओम जोशी

दिवाली के बाद के त्योहारों की तिथियां—

दिवाली के बाद गोवर्धन पूजा और भाई दूज के त्योहार भी मनाए जाते हैं। इस बार गोवर्धन पूजा 2 नवंबर 2024 को और भाई दूज 3 नवंबर 2024 को मनाई जाएगी। इस प्रकार दीपोत्सव का यह पर्व कुल छह दिनों तक चलेगा।

(धार्मिक मान्यताओं और शास्त्रों के अनुसार, दिवाली 31 अक्टूबर 2024 को ही मनाना शुभ और उचित है। इस निर्णय के बाद अब लोगों के मन में तिथि को लेकर जो भी कंफ्यूजन था, वह दूर हो गया है। सभी भक्तजनों के लिए यह दिन लक्ष्मी माता की पूजा के साथ समृद्धि और खुशियों से भरपूर रहेगा)


Spread the love