जून तक पूरा होगा देहरादून में अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश
आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में देहरादून शहर में विद्युत लाइनों की अंडरग्राउंड केबलिंग को लेकर ऊर्जा विभाग और जिलाधिकारी देहरादून के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में उन्होंने पिटकुल (PITCUL) को निर्देश दिए कि सड़कों की खुदाई, अंडरग्राउंड केबलिंग और ब्लैक टॉपिंग का कार्य जून माह तक हर हाल में पूरा किया जाए।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा कि पूरे शहर में एक साथ कार्य शुरू करने के बजाय सीमित फ्रंट पर काम खोलकर सभी श्रमिकों और संसाधनों को वहीं केंद्रित किया जाए, ताकि कार्य तेजी से और तय समयसीमा के भीतर पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि इस रणनीति से शहर की सभी सड़कें एक साथ प्रभावित नहीं होंगी और आम जनता को कम परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिलाधिकारी देहरादून के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए। साथ ही जिलाधिकारी को अंडरग्राउंड केबलिंग कार्यों की साप्ताहिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि किसी एक स्थान पर कार्य पूर्ण होने के बाद ही अगले क्षेत्र में खुदाई और कार्य की अनुमति दी जाए, ताकि यातायात और जनजीवन पर न्यूनतम प्रभाव पड़े।
