चारधाम यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, 25 दिनों में 12.60 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Our News, Your Views

केदारनाथ धाम में 22 दिनों में 5.23 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, सरकार ने मौसम निगरानी बढ़ाई

देहरादून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के नेतृत्व में उत्तराखण्ड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड की ओर तेजी से बढ़ रही है। यात्रा शुरू होने के महज 25 दिनों के भीतर ही श्रद्धालुओं की संख्या 12 लाख 60 हजार के पार पहुंच गई है। विशेष रूप से केदारनाथ धाम को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है, जहां 22 दिनों में ही 5 लाख 23 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।

प्रदेश सरकार यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए लगातार निगरानी बनाए हुए है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम की अनिश्चितताओं को देखते हुए मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रतिकूल मौसम की स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 19 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा में 13 मई तक कुल 12,60,478 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें सबसे अधिक 5,23,582 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे, जबकि बद्रीनाथ धाम में 3,24,081, गंगोत्री धाम में 2,05,425 और यमुनोत्री धाम में 2,07,390 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

बुधवार को अकेले चारों धामों में कुल 80,401 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इनमें केदारनाथ धाम में सर्वाधिक 32,423 श्रद्धालु पहुंचे। वहीं बद्रीनाथ में 21,260, यमुनोत्री में 13,403 और गंगोत्री धाम में 13,315 श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।

कठिन पैदल यात्रा और उच्च हिमालयी परिस्थितियों के बावजूद केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रधानमंत्री Narendra Modi के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत केदारनाथ धाम में हुए पुनर्निर्माण कार्यों और राज्य सरकार की व्यवस्थाओं का सकारात्मक प्रभाव यात्रा पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। यात्रा मार्ग में सुधार, डिजिटल मॉनिटरिंग, भीड़ नियंत्रण और स्लॉट प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को राहत मिल रही है।

पिछले चार वर्षों के आधिकारिक आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2022 से 2025 तक कुल 69,45,487 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। इनमें वर्ष 2022 में 15,64,248, वर्ष 2023 में 19,58,863, वर्ष 2024 में 16,53,581 और वर्ष 2025 में 17,68,795 श्रद्धालु शामिल हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु सुगमता से दर्शन कर सकें, इसके लिए भीड़ नियंत्रण और स्लॉट प्रबंधन प्रणाली को और प्रभावी बनाया गया है। साथ ही रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से यात्रा की सतत निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण होने के बाद धाम दिव्य और भव्य स्वरूप में दिखाई दे रहा है तथा पैदल यात्रा मार्ग को बेहतर बनाए जाने से श्रद्धालुओं की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हुई है।


Our News, Your Views