उत्तराखंड में तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित, 20 मई को सार्वजनिक अवकाश

Our News, Your Views

उत्तराखंड में तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित, 20 मई को सार्वजनिक अवकाश

देहरादून। भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर है। राज्य सरकार ने उनके सम्मान में 19 मई से 21 मई तक तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन द्वारा इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी का अंतिम संस्कार बुधवार, 20 मई को पूरे पुलिस सम्मान के साथ किया जाएगा। इस दुखद अवसर पर राज्य सरकार ने 20 मई (बुधवार) को प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस दौरान राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों में अवकाश रहेगा।

राजकीय शोक अवधि के दौरान प्रदेश के सभी सरकारी भवनों और कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। साथ ही, राज्य सरकार की ओर से किसी भी प्रकार के सांस्कृतिक अथवा शासकीय मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि भुवन चंद्र खंडूड़ी का योगदान उत्तराखंड के विकास और सार्वजनिक जीवन में सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने इसे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

भुवन चंद्र खंडूड़ी भारतीय सेना में मेजर जनरल के पद पर सेवाएं देने के बाद राजनीति में आए थे और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने सुशासन और पारदर्शिता को विशेष प्राथमिकता दी थी। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है।


Our News, Your Views