केदारनाथ से देहरादून जा रहे हेलीकॉप्टर की टिहरी में इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित
टिहरी गढ़वाल, बुधवार: केदारनाथ से देहरादून जा रहे एक हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के चलते टिहरी जनपद की सकलाना पट्टी स्थित सत्यों के समीप नवागांव के खेतों में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। घटना बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर में पायलट सहित कुल छह यात्री सवार थे। यात्रियों में अनुपम चौधरी (39 वर्ष), साहिल (33 वर्ष), राज सुडी (64 वर्ष), भूमि सुडी (39 वर्ष), हिमानी पटेल (30 वर्ष) और निवका (12 वर्ष) शामिल थे। बताया जा रहा है कि सभी यात्री दिल्ली निवासी हैं।
राहत की बात यह रही कि हेलीकॉप्टर की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग के कारण किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। घटना के बाद सभी यात्रियों को सड़क मार्ग से देहरादून के लिए रवाना कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर अचानक धीरे-धीरे नीचे उतरने लगा। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने सूझबूझ का परिचय दिया और खेत में सुरक्षित लैंडिंग कराई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में सहयोग किया।
घटना पर क्षेत्र के पूर्व जिला पंचायत सदस्य अखिलेश उनियाल ने चिंता जताते हुए कहा कि प्रदेश में बढ़ती हेली सेवाओं के कारण जहां पर्यावरण पर असर पड़ रहा है, वहीं यात्रियों की सुरक्षा भी चुनौती बनती जा रही है। उन्होंने सरकार से हेली सेवाओं की नियमित तकनीकी जांच सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
फिलहाल हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी के कारणों की जांच की जा रही है।
