उत्तराखंड में हीट वेव का असर बढ़ा, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Our News, Your Views

उत्तराखंड में हीट वेव का असर बढ़ा, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

देहरादून: प्रदेश में लगातार बढ़ रहे तापमान और हीट वेव के प्रभाव से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के दौरान कई जिलों में भीषण गर्मी और हीट वेव की संभावना जताई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, जबकि स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, उधम सिंह नगर, नैनीताल तथा उत्तरकाशी के कुछ क्षेत्रों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम निदेशक सी.एस. तोमर ने बताया कि मैदानी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने की संभावना है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।

राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह से ही तेज धूप और उमस भरी गर्मी का असर महसूस किया गया। बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों तथा चिकित्सा इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं।

वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. झा ने लोगों से दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि यदि अत्यंत आवश्यक कार्य से बाहर जाना पड़े तो सिर को छाते या सूती कपड़े से ढकें तथा चेहरे को मास्क या कपड़े से सुरक्षित रखें।

डॉ. झा ने कहा कि गर्मी के मौसम में शरीर में पानी की कमी से बचना बेहद जरूरी है। इसके लिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करना चाहिए। उन्होंने तरबूज, नींबू पानी, जलजीरा, नारियल पानी और पानी युक्त फलों के सेवन को लाभकारी बताया।

उन्होंने चेतावनी दी कि हीट वेव के दौरान चक्कर आना, सिरदर्द, तेज बुखार, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत निकटतम अस्पताल में संपर्क करना चाहिए, क्योंकि लापरवाही गंभीर स्वास्थ्य समस्या का कारण बन सकती है।

जिला प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे गर्मी से बचाव के सभी आवश्यक उपाय अपनाएं और अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। प्रशासन का कहना है कि सावधानी और जागरूकता से ही हीट वेव के दुष्प्रभावों से बचा जा सकता है।

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर हीट वेव से संबंधित सहायता एवं शिकायतों के लिए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सक्रिय कर दिया गया है। आमजन सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर 2726066, 2626066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 जारी किए गए हैं।


Our News, Your Views