देहरादून में ‘ठग बाबा’ गिरफ्तार: तंत्र-मंत्र के नाम पर 65 तोला सोना हड़पने का आरोप, सोने का बार और 5 लाख नकद बरामद
देहरादून। राजधानी देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास का सहारा लेकर महिलाओं को ठगने वाले एक कथित ‘ठग बाबा’ को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सेलाकुई थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 150 ग्राम पिघलाया हुआ सोने का बार तथा 5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को शहीद किशन थापा मार्ग, सेलाकुई निवासी ओशीन गुरुंग ने थाना सेलाकुई में राहुल थापा के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राहुल थापा, जो परिवार का दूर का रिश्तेदार है, ने तंत्र-मंत्र और अनिष्ट की आशंका का भय दिखाकर परिवार के लगभग 65 तोले सोने के आभूषण हड़प लिए।
ऐसे रचा गया ठगी का जाल
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल थापा पिछले कई वर्षों से पंडिताई और धार्मिक अनुष्ठानों का कार्य करता था। अधिक धन कमाने की लालसा में उसने अपने ही संपन्न परिचितों और शिष्यों को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
आरोप है कि वह रात के समय लोगों के घरों के बाहर या भीतर काले कपड़े में उड़द की दाल, रोली, लौंग और नींबू जैसी सामग्री की पोटली फेंक देता था। अगले दिन फोन कर दावा करता था कि उसे सपने में घर पर किसी तांत्रिक क्रिया का संकेत मिला है। इस तरह वह लोगों में भय पैदा कर उन्हें अपने झांसे में ले लेता था।
ओशीन गुरुंग के मामले में भी कथित रूप से उसने 1 मार्च 2026 की रात घर के गेट के अंदर ऐसी ही एक पोटली फेंकी। अगले दिन वीडियो कॉल पर पोटली दिखाने के बाद उसने परिवार को विश्वास में ले लिया कि उन पर किसी प्रकार का तांत्रिक संकट मंडरा रहा है।
पूजा के नाम पर बदल दिए आभूषण
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घर पहुंचकर विशेष पूजा-अनुष्ठान का सुझाव दिया और एक बड़ा संदूक मंगवाया। उसने महिला और उसकी माता से सभी आभूषण एक पोटली में बांधकर संदूक में रखने को कहा। इसके बाद दोनों को चावल देकर घर की छत की परिक्रमा करने भेज दिया।
इस दौरान आरोपी ने कथित रूप से संदूक से आभूषण निकाल लिए और उनकी जगह नारियल व फूल रख दिए। पूजा समाप्त होने पर उसने परिवार को निर्देश दिया कि संदूक को मंदिर में रख दिया जाए और 62 दिनों तक न खोला जाए। निर्धारित अवधि पूरी होने पर जब संदूक खोला गया तो उसमें आभूषण नहीं मिले, जिसके बाद परिवार को ठगी का पता चला।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया और नामजद आरोपी राहुल थापा (34 वर्ष), निवासी तेलपुरा अटक फार्म, सेलाकुई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से अपराध स्वीकार कर लिया।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:
- 150 ग्राम वजन का पिघलाया हुआ सोने का बार (बिस्कुट नुमा)
- 5 लाख रुपये नकद
बरामद किए हैं।
पुलिस का कहना है कि घटना को लगभग तीन माह बीत जाने के कारण शेष आभूषणों की बरामदगी चुनौतीपूर्ण है। पुलिस अब अदालत से आरोपी की पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) लेने की तैयारी कर रही है ताकि बाकी आभूषणों और अन्य साक्ष्यों की बरामदगी की जा सके।
दर्ज मुकदमा
थाना सेलाकुई में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 76/2026 के तहत धारा 305(ए), 318(4) एवं 317(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
