आईएमए की पासिंग आउट परेड में शामिल होंगी राष्ट्रपति, पूरे क्षेत्र को घोषित किया गया नो-ड्रोन जोन
देहरादून। भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में 13 जून को आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड (पीओपी) में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित देहरादून भ्रमण और प्रवास कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। इसके साथ ही 12 जून को वीवीआईपी मूवमेंट के मद्देनजर विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की गई है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार राष्ट्रपति के दौरे के दौरान कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र को नो-ड्रोन जोन घोषित किया गया है। इस अवधि में किसी भी निजी या व्यावसायिक ड्रोन के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर तैनात किए जाने वाले पुलिस बल की उच्च स्तरीय ब्रीफिंग की गई है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में होटल, लॉज, धर्मशाला, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन भी किया जा रहा है।
12 जून के लिए ट्रैफिक डायवर्जन योजना
ऋषिकेश और भानियावाला से देहरादून आने वाले वाहन
रानीपोखरी-भोगपुर से थानो होते हुए 6 नंबर पुलिया, सहस्रधारा क्रॉसिंग और सर्वे चौक के रास्ते शहर में प्रवेश करेंगे।
ऋषिकेश से मसूरी जाने वाले वाहन
रानीपोखरी-भोगपुर, थानो, 6 नंबर पुलिया, सहस्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क और साईं मंदिर मार्ग से मसूरी भेजे जाएंगे।
हरिद्वार से देहरादून आने वाले वाहन
भानियावाला फ्लाईओवर सर्विस लेन, डोईवाला चौक, दूधली मार्ग और कारगी चौक होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे।
हरिद्वार से मसूरी जाने वाले वाहन
भानियावाला, डोईवाला, दूधली मार्ग, कारगी चौक, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, कैंट और अनारवाला होते हुए मसूरी जाएंगे।
आशारोड़ी और प्रेमनगर क्षेत्र से मसूरी जाने वाले वाहन
आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, बल्लूपुर चौक, कैंट और अनारवाला मार्ग से मसूरी भेजे जाएंगे।
देहरादून से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहन
कारगी चौक, दूधली मार्ग, डोईवाला चौक, भानियावाला सर्विस लेन, लालतप्पड़ और नेपाली फार्म तिराहा के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
मसूरी से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहन
कुठाल गेट, ओल्ड मसूरी रोड, साईं मंदिर, काठ बंगला पुल, किशनपुर चौक, आईटी पार्क, सहस्रधारा क्रॉसिंग, 6 नंबर पुलिया और थानो रोड से होकर जाएंगे।
प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट
- भोगपुर तिराहा (रानीपोखरी)
- कारगी चौक
- सहस्रधारा क्रॉसिंग
- भानियावाला फ्लाईओवर
- शिमला बाईपास चौक
- साईं मंदिर, राजपुर रोड
- डोईवाला थाना से 100 मीटर आगे दूधली रोड
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों और यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
