हरेला पर्व पर अल्मोड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में किया पौधारोपण, जागेश्वर क्षेत्र के लिए की कई बड़ी घोषणाएं

Our News, Your Views

हरेला पर्व पर अल्मोड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में किया पौधारोपण, जागेश्वर क्षेत्र के लिए की कई बड़ी घोषणाएं

अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अल्मोड़ा जनपद के गरुड़ाबाज मैदान में हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृहद पौधारोपण कार्यक्रम तथा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए प्रकृति संरक्षण का सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया, जहां लोगों ने सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ भी प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व का प्रतीक है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ उसकी देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और हरित पर्यावरण मिल सके।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जागेश्वर और वृद्ध जागेश्वर धाम में पूजा-अर्चना का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां से उन्हें नई ऊर्जा और आध्यात्मिक प्रेरणा मिली है, जो उन्हें प्रदेशवासियों की सेवा के लिए निरंतर कार्य करने की शक्ति देती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून और नकल विरोधी कानून लागू कर सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार के ‘सेवा, सुशासन और समर्पण’ के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्मोड़ा अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक महत्व और बौद्धिक परंपरा के लिए देशभर में विशिष्ट पहचान रखता है। राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और स्थानीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। वहीं कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि बीते पांच वर्षों में राज्य ने विकास के कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

विधायक मोहन सिंह मेहरा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री धामी जागेश्वर क्षेत्र के विकास के प्रति विशेष रूप से प्रतिबद्ध हैं और अपने कार्यकाल में लगभग 25 बार इस क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं।

जागेश्वर क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं

  • वृद्ध जागेश्वर का समग्र विकास किया जाएगा।
  • वृद्ध जागेश्वर मंदिर तक पेयजल योजना विकसित की जाएगी।
  • ऐरावत गुफा, जटा गंगा उद्गम स्थल, कोटिलिंग, शिव पाव और आरतोला-जागेश्वर मार्ग के मंदिरों का पर्यटन की दृष्टि से समग्र विकास किया जाएगा।
  • आरतोला के पास राज्य अतिथि गृह का निर्माण किया जाएगा।
  • जागेश्वर, वृद्ध जागेश्वर और आरतोला क्षेत्र में नए मोबाइल टावर स्थापित किए जाएंगे।
  • आरतोला पार्किंग को मल्टीलेवल पार्किंग में विकसित किया जाएगा।
  • आरतोला-जागेश्वर सड़क मार्ग पर आरसीसी नाली और सड़क के सोल्डर को पक्का किया जाएगा।
  • दन्या डिग्री कॉलेज में एमए की कक्षाएं शुरू की जाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने विभागीय शिविरों के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ भी प्राप्त किया।


Our News, Your Views