लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना 2031 तक पूरी करने का लक्ष्य, मुख्य सचिव ने किया स्थलीय निरीक्षण

Our News, Your Views

लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना 2031 तक पूरी करने का लक्ष्य, मुख्य सचिव ने किया स्थलीय निरीक्षण

देहरादून/लखवाड़। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और परियोजना से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण के विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना राष्ट्रीय महत्व की परियोजना है, जिससे उत्तराखंड सहित कई राज्यों को लाभ मिलेगा। उन्होंने उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) को परियोजना का निर्माण कार्य वर्ष 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य दिया। गौरतलब है कि इससे पहले परियोजना को दिसंबर 2034 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था।

उन्होंने सभी संबंधित संस्थाओं को अगले दो से तीन दिनों के भीतर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यक मशीनरी और मानव संसाधन बढ़ाने पर जोर दिया।

मुख्य सचिव ने कहा कि परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए पर्ट (PERT) चार्ट तैयार कर उसका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी अनिवार्य तकनीकी परीक्षण विशेषज्ञों की देखरेख में समय पर पूरे किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था एलएंडटी और यूजेवीएनएल के अधिकारियों को परियोजना स्थल पर नियमित रूप से मौजूद रहकर दैनिक, पाक्षिक और मासिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्रीय जल आयोग द्वारा अपेक्षित सभी तकनीकी परीक्षणों को शीघ्र पूरा कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।

मुख्य सचिव ने परियोजना प्रभावित लोगों से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिग्रहीत भूमि के मुआवजे का वितरण जल्द पूरा करने तथा प्रभावित परिवारों के साथ लगातार संवाद बनाए रखते हुए लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना को उत्तराखंड की प्रमुख जल एवं ऊर्जा परियोजनाओं में शामिल किया जाता है। इसके पूरा होने से सिंचाई, पेयजल और जलविद्युत उत्पादन के क्षेत्र में व्यापक लाभ मिलने की उम्मीद है।


Our News, Your Views