नैनीताल में अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी की संदिग्ध मौत, कार में मिला शव; आत्महत्या की आशंका
नैनीताल में सोमवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां जिला न्यायालय से संबद्ध अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी का शव उनकी कार के अंदर संदिग्ध अवस्था में मिला। प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है।
घटना कलेक्ट्रेट परिसर की पार्किंग में हुई, जहां कार के अंदर खून से लथपथ अवस्था में अधिवक्ता का शव मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने गोली की आवाज सुनने के बाद कार के अंदर देखा, जहां उनके सिर पर गोली लगी हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस को घटनास्थल से एक पिस्टल और कार के डैशबोर्ड से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। सूत्रों के अनुसार, नोट में अधिवक्ता ने अपनी बीमारी और मानसिक परेशानी का जिक्र किया है। हालांकि, पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से नोट की सामग्री की पुष्टि नहीं की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसपी डॉ. जगदीश चन्द्र ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और सुसाइड नोट व फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद जिला कोर्ट परिसर में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
महत्वपूर्ण नोट:
आत्महत्या किसी समस्या का समाधान नहीं है। यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो तुरंत सहायता लें।
स्नेहा फाउंडेशन: 044-24640050 (24×7)
TISS हेल्पलाइन: 9152987821
