चारधाम यात्रा और आपदा प्रबंधन के लिए उत्तराखंड ने केंद्र से मांगी अतिरिक्त एलपीजी आपूर्ति

Our News, Your Views

चारधाम यात्रा और आपदा प्रबंधन के लिए उत्तराखंड ने केंद्र से मांगी अतिरिक्त एलपीजी आपूर्ति

देहरादून/नई दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात कर राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदा संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से चारधाम यात्रा के दौरान व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली इस यात्रा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे राज्य में एलपीजी की मांग में भारी वृद्धि होती है। इस अवधि के दौरान उत्तराखंड को लगभग 9,67,949 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता होती है।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने जून से सितंबर के बीच मानसून के दौरान आने वाली प्राकृतिक आपदाओं का जिक्र करते हुए कहा कि दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों के लिए एलपीजी की उपलब्धता बेहद जरूरी है। इस संदर्भ में उन्होंने अतिरिक्त 5 प्रतिशत यानी करीब 48,397 व्यावसायिक सिलेंडरों के आवंटन की मांग की, ताकि आपदा प्रबंधन कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था मुख्यतः पर्यटन पर आधारित है, जिसमें धार्मिक, तीर्थ और साहसिक पर्यटन का महत्वपूर्ण योगदान है। चारधाम यात्रा राज्य की सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख आधार है।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया और राज्य के विकास व आवश्यकताओं के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।


Our News, Your Views