रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ, कुमाऊं और गढ़वाल के बीच मजबूत होगी रेल कनेक्टिविटी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर नियमित संचालन का शुभारंभ किया। सप्ताह में दो दिन संचालित होने वाली इस नई रेल सेवा को उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच संपर्क बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह केवल एक नई ट्रेन नहीं, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल के बीच विकास, संपर्क और अवसरों की नई जीवनरेखा है। उन्होंने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह रेल सेवा रामनगर से देहरादून तक काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए संचालित होगी। इससे कुमाऊं और गढ़वाल के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से को भी सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस सेवा से यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे आधुनिकता के नए दौर में प्रवेश कर चुकी है। रेलवे सुरक्षा, तकनीकी उन्नयन और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं। वंदे भारत और नमो भारत जैसी अत्याधुनिक ट्रेनें देश की तकनीकी क्षमता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महत्वाकांक्षी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है, जो राज्य के सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक और पर्यटन विकास को नई दिशा देगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2026-27 में उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट मिला है, जबकि प्रदेश में लगभग 39 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है।
यात्रियों की संख्या बढ़ी तो रोज चलेगी ट्रेन: अश्विनी वैष्णव
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल देश के विकास की मजबूत आधारशिला बन रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है और नई रेल सेवाएं प्रदेश के आर्थिक विकास, पर्यटन और जनसुविधाओं को बढ़ावा देंगी।
उन्होंने कहा कि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस गढ़वाल और कुमाऊं के बीच सेतु का कार्य करेगी। यदि इस ट्रेन में यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो इसके संचालन को साप्ताहिक दो दिनों से बढ़ाकर प्रतिदिन किया जाएगा।
रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि वर्ष 2023 से अब तक उत्तराखंड को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने के लिए 20 नई अथवा विस्तारित रेल सेवाएं शुरू की गई हैं। साथ ही राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण का कार्य भी जारी है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड में रेलवे नेटवर्क के विस्तार और आधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।
रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस सेवा के शुभारंभ को प्रदेश में रेल संपर्क मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
