भारी बारिश को लेकर मुख्यमंत्री धामी सतर्क, अधिकारियों को राहत-बचाव व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश
देहरादून। उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनन्द बर्धन और सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन को प्रदेशभर की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि जहां कहीं भी भारी बारिश, भूस्खलन, सड़क बंद होने या अन्य आपदा संबंधी स्थिति उत्पन्न हो, वहां जिला प्रशासन तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव दल पूरी तरह तैयार रहें और प्रभावित लोगों को समय पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को सड़क, बिजली, पेयजल और संचार जैसी आवश्यक सेवाओं की बहाली को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में यदि इन सेवाओं में व्यवधान उत्पन्न होता है तो संबंधित विभाग त्वरित कार्रवाई कर व्यवस्था सामान्य करें।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से चारधाम यात्रा मार्गों सहित प्रदेश के सभी प्रमुख मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कदम उठाए जा सकें।
प्रदेशवासियों और उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों एवं यात्रियों से अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और उफनते नदी-नालों के आसपास जाने से परहेज करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी प्रकार की असुविधा या आपात स्थिति में लोग तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपदा या आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का सर्वोच्च उद्देश्य जनजीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
