विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के घर जाकर होगी सुनवाई
देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी Dr. B. V. R. C. Purushottam ने बुधवार को कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के आयुक्तों तथा सभी जिलों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित कार्यों को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) को निर्देशित किया कि 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं को जारी किए गए विसंगति संबंधी नोटिसों की सुनवाई उनके घर जाकर की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे मतदाताओं को अनावश्यक रूप से मतदान केंद्र या बूथ तक आने के लिए बाध्य न किया जाए तथा उनकी सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
समीक्षा बैठक में डॉ. पुरुषोत्तम ने फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 के अंतर्गत प्राप्त दावों और आपत्तियों की नियमानुसार जांच कर समय पर निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी एक व्यक्ति द्वारा पांच से अधिक मामलों में दावे अथवा आपत्तियां प्रस्तुत की जाती हैं, तो संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) स्वयं नियमानुसार जांच और सत्यापन की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मंडल स्तर पर निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कुमाऊं मंडल के आयुक्त Deepak Rawat तथा गढ़वाल मंडल के आयुक्त Anand Swarup को अपने-अपने मंडलों के जिलों का दौरा कर सुपर चेकिंग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदाता सूची को अधिक सटीक, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि पात्र मतदाताओं के अधिकार सुरक्षित रह सकें और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता बनी रहे।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास, दोनों मंडलायुक्तों सहित सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
