देहरादून में 11 अगस्त को लगेगा रोजगार मेला, 559 पदों पर होगी भर्ती

Our News, Your Views

देहरादून में 11 अगस्त को लगेगा रोजगार मेला, 559 पदों पर होगी भर्ती

देहरादून। जनपद के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून द्वारा 11 अगस्त 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला प्रातः 9:30 बजे से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में आयोजित होगा, जहां विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियां कुल 559 रिक्त पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों का पंजीकरण 4 अगस्त 2026 से प्रारंभ कर दिया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस पर क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं तथा रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को पंजीकरण एवं साक्षात्कार के समय अपना अद्यतन बायोडाटा, मूल शैक्षिक एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र, उनकी छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड, पासपोर्ट आकार के फोटो तथा वैध पहचान-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।

रोजगार मेले में कई प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेंगी। इनमें Axis Bank, Dixon Technologies, Utkarsh Small Finance Bank, Barbeque Nation, Ipca Laboratories, सीएएमपी-108, एनआईटीटी लिमिटेड, परिश्रम रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड, आईजोन, मोचिको तथा टीआई मेडिकोज सहित अन्य संस्थान शामिल हैं। इन कंपनियों द्वारा विभिन्न श्रेणियों के कुल 559 पदों पर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ने कहा कि रोजगार मेले में भाग लेने वाली कंपनियों तथा उपलब्ध रिक्तियों की संख्या परिस्थितियों के अनुसार घट या बढ़ सकती है। उन्होंने जिले के अधिक से अधिक शिक्षित एवं रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं से समय रहते पंजीकरण कराने और रोजगार मेले का लाभ उठाने की अपील की।

यह रोजगार मेला निजी क्षेत्र में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है, जहां उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे साक्षात्कार देने का मौका मिलेगा।


Our News, Your Views