पुरुकुल में 17.80 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, मुख्यमंत्री धामी बोले- विकास के स्वर्णिम युग की ओर बढ़ रहा उत्तराखंड

Our News, Your Views

पुरुकुल में 17.80 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, मुख्यमंत्री धामी बोले- विकास के स्वर्णिम युग की ओर बढ़ रहा उत्तराखंड

देहरादून/मसूरी। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुण्डीर की स्मृति में निर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के स्वर्णिम युग की ओर अग्रसर है। प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ खेल, पर्यटन और एडवेंचर गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में मसूरी की पहचान देशभर में है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। उन्होंने बताया कि पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है तथा मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क के उच्चीकरण का कार्य भी चल रहा है। वहीं जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना के माध्यम से कई गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक मार्ग के सुदृढ़ीकरण का कार्य सीआरएफ योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। इसके अलावा ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। बाढ़ सुरक्षा के लिए सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाल्दी नदी के दोनों किनारों पर लगभग 1.5 किलोमीटर लंबाई में सुरक्षा कार्य और न्यू कैंट रोड क्षेत्र में भी आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराए जा रहे हैं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता से किए गए हर वादे को धरातल पर उतारने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अफवाहों और नकारात्मकता के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सरकार विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा और जनसांख्यिकीय संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया है। साथ ही समान नागरिक संहिता (यूसीसी), दंगा प्रभावित संपत्तियों की क्षतिपूर्ति संबंधी कानून तथा भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि इन प्रयासों के परिणामस्वरूप 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां मिल चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित स्टार्टअप नीति, एक जनपद दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से बड़ी संख्या में युवा रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ रोजगार देने वाले भी बन रहे हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री Ganesh Joshi ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि इन विकास परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और मसूरी क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।


Our News, Your Views