उत्तराखण्ड में एनसीसी के विस्तार पर मंथन, मुख्यमंत्री धामी ने दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन

Our News, Your Views

उत्तराखण्ड में एनसीसी के विस्तार पर मंथन, मुख्यमंत्री धामी ने दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन

नई दिल्ली/देहरादून। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महानिदेशक Virendra Vats ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखण्ड निवास में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखण्ड में एनसीसी के विस्तार, सीमांत एवं दुर्गम क्षेत्रों तक इसकी पहुंच बढ़ाने तथा आधुनिक आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में एनसीसी महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स ने राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को एनसीसी से जोड़ने के उद्देश्य से सीमावर्ती और दूरस्थ क्षेत्रों में नई एनसीसी इकाइयों के गठन एवं विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने राज्य में आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना विकसित करने, प्रशिक्षण सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने तथा प्रस्तावित एनसीसी अकादमी की स्थापना सहित भविष्य की विभिन्न योजनाओं की रूपरेखा मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भाव को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर देश का एक प्रतिष्ठित संगठन है, जो युवाओं में राष्ट्रीय चरित्र, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एनसीसी के विस्तार और उससे जुड़ी आधारभूत संरचना विकास की सभी योजनाओं को पूरा समर्थन देगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रस्तावित परियोजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एनसीसी के विस्तार से विशेष रूप से सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों के युवाओं को व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व प्रशिक्षण तथा राष्ट्र सेवा के अधिक अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही इससे युवाओं में अनुशासन, जिम्मेदारी और देशभक्ति की भावना भी और अधिक मजबूत होगी।

बैठक को राज्य में युवाओं के विकास और राष्ट्रीय कैडेट कोर के सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे उत्तराखण्ड के अधिकाधिक युवाओं को एनसीसी से जुड़ने और विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।


Our News, Your Views