Advt.
Advt.
Advt.

DAV छात्रसंघ चुनाव से पहले हंगामा, NBW के विरोध में कांग्रेस-NSUI का प्रदर्शन; पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया

Our News, Your Views

DAV छात्रसंघ चुनाव से पहले हंगामा, NBW के विरोध में कांग्रेस-NSUI का प्रदर्शन; पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया

देहरादून: DAV पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव से पहले सोमवार देर रात राजपुर रोड स्थित SSP कैंप कार्यालय के बाहर कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत कुमार भट्ट उर्फ बंटू के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी होने के विरोध में कांग्रेस नेताओं और NSUI कार्यकर्ताओं ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर मौके से हटाया।

छह महीने पुराने मामले में NBW जारी होने पर जताई नाराजगी

कांग्रेस नेताओं और NSUI कार्यकर्ताओं का आरोप है कि DAV छात्रसंघ चुनाव से ठीक पहले करीब छह महीने पुराने मामले में विनीत कुमार भट्ट उर्फ बंटू के खिलाफ NBW जारी किया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बंटू लगातार पुलिस के संपर्क में थे और जांच में सहयोग कर रहे थे। इसके बावजूद अचानक गैर-जमानती वारंट जारी किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने इस कार्रवाई को छात्रसंघ चुनाव से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि चुनाव से पहले NSUI से जुड़े नेताओं पर कार्रवाई कर माहौल प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

बंटू ने पुलिस पर दबाव बनाने का लगाया आरोप

विनीत कुमार भट्ट उर्फ बंटू ने आरोप लगाया कि पिछले करीब 10 दिनों से पुलिस की ओर से उन्हें देहरादून छोड़ने और DAV कॉलेज नहीं जाने का दबाव बनाया जा रहा था। उनके मुताबिक, पुलिस ने उन्हें SSP कार्यालय भी बुलाया था और शहर छोड़ने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया।

बंटू ने दावा किया कि वह DAV के पूर्व छात्र हैं और छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रसंघ चुनाव में NSUI प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनने के बाद राजनीतिक दबाव में उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

ज्योति रौतेला ने चुनाव प्रभावित करने का लगाया आरोप

कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी प्रदर्शन में पहुंचीं। उन्होंने आरोप लगाया कि DAV छात्रसंघ चुनाव से ठीक एक दिन पहले NSUI से जुड़े युवा नेता के खिलाफ NBW जारी करना चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ता चुनाव में सक्रिय रहेंगे।

हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस की ओर से राजनीतिक दबाव की पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

हंगामे की सूचना मिलते ही SP सिटी शेखर चंद्र सुयाल, CO सदर, CO डोईवाला समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें कानूनी प्रक्रिया की जानकारी दी और शांत रहने की अपील की। इसके बावजूद नारेबाजी जारी रहने पर पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और NSUI कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाकर वहां से हटाया।

SP सिटी शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि प्रदर्शनकारियों को कुछ कानूनी प्रक्रिया को लेकर आपत्तियां थीं, जिन्हें बातचीत के माध्यम से समझाया गया। उन्होंने कहा कि DAV छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

ड्रोन और वीडियोग्राफी से होगी निगरानी

पुलिस के मुताबिक, चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए DAV कॉलेज और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। क्षेत्र में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन और वीडियोग्राफी टीमों के जरिए निगरानी रखी जा रही है।

सोमवार देर रात प्रदर्शन समाप्त कराने के बाद पुलिस ने करनपुर क्षेत्र में भी फ्लैग मार्च किया। इस दौरान रास्तों पर समूह बनाकर खड़े छात्रों को वहां से हटाया गया।

मंगलवार को चुनाव के दौरान भी हंगामा

मंगलवार को DAV पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के दौरान भी हंगामे की स्थिति बनी। प्रत्याशियों को समर्थन देने पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की कार्रवाई को लेकर विवाद हुआ। पुलिस ने कुछ वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मौके से हटाया।

वहीं, मतदान के लिए कॉलेज पहुंच रहे छात्रों के प्रवेश पत्रों की गेट पर जांच की गई। चुनाव को देखते हुए कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है।

कांग्रेस भवन में जुटे कार्यकर्ता, मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच

सोमवार देर रात कार्रवाई के बाद कांग्रेस कार्यालय में NSUI छात्र नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। कांग्रेस नेता ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास की ओर भी कूच किया।

NSUI से जुड़े सिद्धार्थ अग्रवाल के मुताबिक, कई कार्यकर्ता कांग्रेस भवन में एकत्र हुए। वारंट और गिरफ्तारी की कार्रवाई को लेकर छात्र नेताओं और समर्थकों में नाराजगी बनी हुई है।

पुलिस का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी व्यक्ति या संगठन की ओर से कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Our News, Your Views