देहरादून में 15 वर्षीय अर्श की मौत का खुलासा, दोस्तों की कार के नीचे आने से गई जान, CCTV से खुला राज

Our News, Your Views

देहरादून में 15 वर्षीय अर्श की मौत का खुलासा, दोस्तों की कार के नीचे आने से गई जान, CCTV से खुला राज

दिवाली की रात दोस्तों के साथ निकला था अर्श, दो गुटों के विवाद के बाद मची भगदड़ में हुआ हादसा; पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

देहरादून में दिवाली की रात 15 वर्षीय अर्श अंसारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान अहम खुलासा हुआ है। शुरुआती तौर पर जिस घटना को मारपीट के बाद हत्या से जोड़कर देखा जा रहा था, उसकी तस्वीर सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद बदल गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, अर्श की मौत किसी दूसरे पक्ष के हमले से नहीं, बल्कि उसके दोस्तों की ही कार के पिछले पहिये के नीचे आने से हुई थी।

पुलिस के अनुसार, आठ नवंबर की रात अर्श अपने दोस्तों के साथ दिवाली मनाने घर से निकला था। तड़के करीब तीन बजे रेसकोर्स स्थित सूरी चौक पर उनकी मुलाकात स्कूटी सवार युवकों के दूसरे गुट से हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। आमना-सामना होने पर पुरानी कहासुनी फिर शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्ष वहां से निकल गए, लेकिन कुछ देर बाद धर्मपुर चौक स्थित अग्रवाल बेकरी के पास एक बार फिर उनका सामना हो गया।

यहां विवाद के बीच अचानक अफरातफरी मच गई और युवक इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान अर्श भी अपने साथियों के साथ वहां से निकलने की कोशिश कर रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि इसी बीच उसके दोस्त की कार तेजी से पीछे की ओर आई और अर्श उसके पिछले पहिये की चपेट में आ गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पिता ने दोस्तों पर लगाया था हत्या का आरोप

अर्श की मौत के बाद उसके शरीर पर चोटों के निशान मिलने से मामला संदिग्ध हो गया था। अर्श के पिता नदीम अंसारी ने नौ नवंबर को डालनवाला थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बेटे के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया था कि आठ नवंबर की रात अर्श को उसके एक दोस्त ने दिवाली मनाने के लिए नेहरू कॉलोनी स्थित अपने घर बुलाया था। रात करीब 12 बजे बेटे से उनकी आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। इसके बाद अर्श घर नहीं लौटा। अगले दिन दोस्त की मां ने फोन कर बताया कि अर्श मोर्चरी में है। वहां पहुंचने पर बेटे के शरीर पर कई चोटों के निशान दिखाई दिए, जिसके बाद उन्होंने दोस्तों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया था।

CCTV फुटेज से सामने आई घटना की दूसरी तस्वीर

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या के आरोपों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस को घटनाक्रम की अहम कड़ियां मिलीं। फुटेज में अर्श अपने साथियों के साथ कार से उतरता दिखाई दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और भगदड़ के दौरान वह पीछे की ओर जाती कार की चपेट में आ गया।

पुलिस के मुताबिक, कार को तेजी और लापरवाही से पीछे करने के दौरान यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद, घटनास्थल पर मौजूद युवकों की भूमिका और कार चालक की जिम्मेदारी की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सामने आए तथ्यों से अर्श की मौत की गुत्थी काफी हद तक सुलझती नजर आ रही है।


Our News, Your Views