देहरादून के पेनेशिया अस्पताल में ICU में लगी भीषण आग, महिला मरीज की मौत, नवजात समेत 10 घायल
देहरादून: राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र स्थित रिस्पना पुल के पास बने Panacea Hospital पेनेशिया अस्पताल में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल के आईसीयू (ICU) में अचानक एसी ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई, जिससे पूरे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद आईसीयू में जहरीला धुआं और गैस तेजी से फैल गई। गंभीर परिस्थितियों के बावजूद पुलिसकर्मियों और फायर यूनिट ने अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान कई मरीजों और पुलिसकर्मियों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
हादसे में आईसीयू में वेंटिलेटर पर भर्ती 60 वर्षीय वीरवती पत्नी अमरनाथ, निवासी कांवली बल्लीवाला, देहरादून की मौत हो गई। वहीं एक नवजात बच्ची सहित 10 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
घायलों में राहुल कुमार (32 वर्ष, बिजनौर), मुकेश (42 वर्ष, हिमाचल प्रदेश), शंभू दास (45 वर्ष, हरिद्वार), गोरी (ढाई वर्ष, सहारनपुर), दौलत सिंह (45 वर्ष, चमोली), बेबी उर्फ पायल (नवजात), संगीता देवी, खान बहादुर (हरिद्वार), नित्यानंद (42 वर्ष, हरिद्वार) और निहाल (69 वर्ष, बिजनौर) शामिल हैं। निहाल को कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मरीजों को बचाने के दौरान तीन पुलिसकर्मियों की भी तबीयत खराब हो गई। घायल पुलिसकर्मियों में अ०उ०नि० नरेंद्र कुमार (ट्रैफिक), कांस्टेबल बृजमोहन रावत तथा कांस्टेबल बृजमोहन कनवासी शामिल हैं। सभी का इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन और राहत टीमों को आवश्यक निर्देश दिए। बाद में एसएसपी ने कैलाश अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों और मरीजों का हालचाल जाना तथा डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली।
रेस्क्यू ऑपरेशन थाना नेहरू कॉलोनी के थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल के नेतृत्व में चलाया गया। इस दौरान चौकी प्रभारी धनीराम पुरोहित, गिरीश बडोनी, अमित रॉड सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी के नेतृत्व में फायर यूनिट ने आग पर काबू पाया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह आईसीयू में लगा एसी ब्लास्ट बताया जा रहा है।
