चम्पावत दौरे पर मुख्यमंत्री धामी ने छात्रों को किया प्रेरित, प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी लिया भाग
चम्पावत। Pushkar Singh Dhami ने अपने एक दिवसीय चम्पावत दौरे के दौरान देवीधुरा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री धामी ने विद्यार्थियों से शिक्षा, अनुशासन और जीवन के उद्देश्यों को लेकर बातचीत की। उन्होंने छात्रों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासित जीवनशैली अपनाने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने सभी छात्र-छात्राओं को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता का सबसे मजबूत आधार है।
विद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री धामी देवीधुरा में आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ के अंतर्गत जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में संगठनात्मक गतिविधियों, प्रशिक्षण और विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
