जनसुनवाई में मुख्यमंत्री धामी सख्त, बोले— शिकायतों का समयबद्ध समाधान हो, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

Our News, Your Views

जनसुनवाई में मुख्यमंत्री धामी सख्त, बोले— शिकायतों का समयबद्ध समाधान हो, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

देहरादून:
पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा और भूमि संबंधी मुद्दों सहित अन्य जनहित के मामलों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों और मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करने और समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब न होने देने पर जोर दिया। साथ ही, मुख्यमंत्री कार्यालय को निर्देशित किया गया कि सभी शिकायतों को तुरंत संबंधित विभागों को भेजा जाए और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को उसकी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान मिले। उन्होंने जनसुनवाई को सरकार और जनता के बीच संवाद का मजबूत माध्यम बताते हुए कहा कि इससे जमीनी स्तर की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए ठोस निर्णय लेने में मदद मिलती है।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण, सुशासन और समग्र विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लोगों तक सरल और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।

इस अवसर पर फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। वहीं, आंगनबाड़ी कर्मियों ने भी अपनी मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।


Our News, Your Views