मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महासू महाराज मंदिर में टेका माथा, हनोल को पांचवां धाम बनाने की घोषणा

Our News, Your Views

विधानसभा सत्र समाप्त होते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हनोल स्थित महासू महाराज के मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हनोल के महासू देवता मंदिर को उत्तराखंड सरकार पांचवें धाम के रूप में विकसित करेगी। इसके लिए राज्य सरकार ने 120 करोड़ रुपये की लागत से मास्टर प्लान तैयार किया है, जिसमें आवश्यक सभी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

(SOURCE COURTESY – DIGITAL MEDIA)

‘मुख्य सेवक संवाद-आपके द्वार’ कार्यक्रम में की महत्वपूर्ण घोषणाएं—

इससे पहले, मुख्यमंत्री धामी ने चकराता विधानसभा के त्यूणी में आयोजित ‘मुख्य सेवक संवाद-आपके द्वार’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जौनसार क्षेत्र को विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए सरकार कई योजनाओं पर काम कर रही है। महासू महाराज मंदिर का मास्टर प्लान तैयार किया गया है, जिससे तीर्थाटन और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुखबा दौरे से पहले महासू महाराज के दर्शन करने की उनकी इच्छा थी, इसलिए वे हनोल पहुंचे।

(SOURCE COURTESY – DIGITAL MEDIA)

सशक्त भू-कानून और अन्य महत्वपूर्ण कानूनों पर जोर—

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने भू-कानून को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त की थीं। राज्य में बाहरी तत्वों द्वारा संसाधनों के दुरुपयोग और डेमोग्राफी में छेड़छाड़ को रोकने के लिए सरकार ने सशक्त भू-कानून लागू किया है। इसके अलावा, लैंड जिहाद, लव जिहाद और नकल विरोधी कानून भी राज्य में प्रभावी रूप से लागू किए गए हैं।

(SOURCE COURTESY – DIGITAL MEDIA)

महासू महाराज की कृपा से राज्य का विकास—

हनोल पहुंचकर मुख्यमंत्री ने महासू महाराज से आशीर्वाद लिया और प्रदेश की समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि महासू महाराज की कृपा से उत्तराखंड तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। नीति आयोग के 2023-24 इंडेक्स में उत्तराखंड को विकास के मामले में अग्रणी स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जौनसार-बावर क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

(SOURCE COURTESY – DIGITAL MEDIA)

स्थानीय जनता से लिया फीडबैक—

मुख्यमंत्री धामी ने अपने दो दिवसीय जौनसार-बावर दौरे के दौरान हनोल में मॉर्निंग वॉक के दौरान स्थानीय लोगों से मुलाकात की और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं पर उनका फीडबैक लिया। उन्होंने महासू मंदिर क्षेत्र के पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

(SOURCE COURTESY – DIGITAL MEDIA)

महासू महाराज के बुलावे पर पहुंचे सीएम धामी—

मुख्यमंत्री ने कहा कि महासू महाराज की कृपा के बिना कोई भी व्यक्ति उनके धाम में नहीं आ सकता। उन्होंने बताया कि चुनाव से पहले भी महासू महाराज के दर्शन के लिए वे आए थे और अब दोबारा बुलावे के बाद यहां पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुखवा और हर्षिल दौरे से पहले उन्होंने महासू महाराज का आशीर्वाद लेना आवश्यक समझा।

(SOURCE COURTESY – DIGITAL MEDIA)

महिलाओं के उत्पादों की सराहना—

बाजार भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों की मांग न केवल प्रदेश में, बल्कि देश-विदेश में भी बढ़ रही है।

(SOURCE COURTESY – DIGITAL MEDIA)

महासू महाराज की कृपा से ऐतिहासिक कार्य—

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस बार विधानसभा सत्र में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। लंबे समय से प्रतीक्षित सशक्त भू-कानून को लागू कर दिया गया है। यह कानून उत्तराखंड की जमीन और संसाधनों को बचाने के लिए आवश्यक था, क्योंकि बाहरी तत्व यहां आकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि महासू महाराज की कृपा से राज्य में जनता से किए गए सभी वचन पूरे किए जाएंगे।


Our News, Your Views