हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ के विरोध में कांग्रेस का हल्ला बोल, मुख्यमंत्री आवास कूच में उमड़ा जनसमूह
देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस के कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ के विरोध में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के नेतृत्व में भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर परेड ग्राउंड से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया।
कांग्रेस नेताओं ने हल्द्वानी की घटना को उत्तराखंड की सामाजिक समरसता, साझा संस्कृति और लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ बताया। उनका कहना था कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन किसी राजनीतिक दल के कार्यक्रम स्थल को ‘अशुद्ध’ बताकर उसका शुद्धिकरण करना सामाजिक विभाजन की मानसिकता को बढ़ावा देता है।
प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता से है। उन्होंने भाजपा से इस मामले में स्पष्ट रुख सामने रखने और यह बताने की मांग की कि वह संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ खड़ी है या समाज को बांटने वाली मानसिकता के साथ।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि हल्द्वानी में हुआ कथित ‘शुद्धिकरण’ लोकतंत्र और उत्तराखंड की सामाजिक चेतना पर हमला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति का विरोध करती रहेगी।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल को ‘शुद्ध’ और ‘अशुद्ध’ बताने की मानसिकता संविधान की मूल भावना के विपरीत है। वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति विकास के मुद्दों से हटकर समाज में विभाजन पैदा करने की दिशा में जा रही है।
चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, राष्ट्रीय महासचिव एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक विक्रम सिंह नेगी समेत अन्य नेताओं ने भी सरकार पर निशाना साधा। नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड की जनता भाईचारे और शांति में विश्वास रखती है और प्रदेश को नफरत व भेदभाव की राजनीति का केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने महिला अपराध, बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, किसानों की समस्याओं, जमीनों की नीलामी और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को भी उठाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हल्द्वानी प्रकरण में कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी।
कई नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ
मुख्यमंत्री आवास कूच कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए कई स्थानीय नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की। इनमें रुड़की के पूर्व महापौर यशपाल राणा, हरिद्वार के पूर्व प्रधानाचार्य मनोज कुमार सैनी, यमकेश्वर-कोटद्वार के पूर्व प्रमुख भुवनेश खर्कवाल, पुरोला के पूर्व अधिशासी अधिकारी भजनलाल आर्य, पुरोला के अधिवक्ता सचिन कुमार, रामकुमार वालिया और रविंद्र आनंद शामिल रहे।
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री आवास कूच को सरकार के खिलाफ अपने विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बताते हुए कहा कि पार्टी सामाजिक सौहार्द, समानता और संविधान की मूल भावना से जुड़े मुद्दों पर अपना संघर्ष आगे भी जारी रखेगी।
