पीएम की मौजूदगी में धामी का राजतिलक, जानिए कौंन-कौंन बने मंत्री….

Spread the love

देहरादून के परेड ग्राउंड में पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (रि) ने पुष्कर सिंह धामी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी।

धामी के साथ आठ कैबिनेट मंत्रियों को भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी गयी।

जिनमें सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, रेखा आर्य और प्रेमचंद अग्रवाल ने भी शपथ ली। सितारगंज से विधायक सौरभ बहुगुणा और बागेश्वर विधायक चंदन राम पहली बार कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई वीआईपी मौजूद रहे।

उत्तराखंड पर्यवेक्षक व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा मुख्यमंत्री के पद पर धामी की ताजपोशी की घोषणा के बाद से ही परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां चल रही थीं। शपथ ग्रहण समारोह के ठीक बाद धामी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक होगी। उम्मीद जतायी जा रही है कि कैबिनेट बैठक में धामी कुछ बड़ा ऐलान कर सकते हैं।

 

गौरतलब है कि 20 साल के इतिहास में पहली बार किसी राजनीतिक पार्टी ने उत्तराखंड में दोबारा सरकार बनाई है और किसी मुख्यमंत्री को लगातार दूसरा अवसर दिया गया हो। 09 नवंबर 2000 को उत्तराखंड के  गठन के बाद भाजपा ने सरकार बनाई थी। लेकिन, 2002 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के हाथ उत्तराखंड की कमान आई थी। पांच साल के बाद 2007 भाजपा ने एक बार फिर उत्तराखंड में सरकार बनाई।  भाजपा से नाखुश जनता ने 2012 में फिर कांग्रेस का हाथ थामा था लेकिन, 2017 के चुनाव में भाजपा ने वापसी करते हुए उत्तराखंड में दोबारा सरकार बनाई। उत्तराखंड के इतिहास में सारे मिथक तोड़ते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में 2022 में भाजपा की उत्तराखंड में एक बार फिर सरकार बनी।


Spread the love