भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर, मुख्यमंत्री धामी ने की संगठनात्मक समीक्षा बैठक

Our News, Your Views

भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर, मुख्यमंत्री धामी ने की संगठनात्मक समीक्षा बैठक

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय, देहरादून में पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल एवं हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों के सांसदों, विधायकों, जिलाध्यक्षों, प्रदेश पदाधिकारियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की। बैठक में तीनों लोकसभा क्षेत्रों की संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संगठन को विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, जनप्रतिनिधियों एवं संगठन पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय तथा जनता से निरंतर संपर्क अत्यंत आवश्यक है।

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं से नियमित संवाद बनाए रखने, जनसंपर्क अभियानों को गति देने और जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क में रहें और जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनके समाधान के लिए प्रयास करें।

मुख्यमंत्री ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं अभियानों की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ऐतिहासिक निर्णयों और विकास कार्यों की जानकारी कार्यकर्ताओं के माध्यम से बूथ स्तर तक पहुंचाई जानी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

धामी ने कहा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय से विकास और जनसेवा के संकल्प को अधिक प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सरकार और जनता के बीच सबसे मजबूत सेतु बताते हुए कहा कि जनता से प्राप्त सुझावों और समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने तथा सरकारी योजनाओं को जन-जन तक ले जाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार ने प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए अनेक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में संगठन को और अधिक सक्रिय करते हुए जनसंपर्क और जनसेवा अभियानों को तेज किया जाएगा तथा प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।


Our News, Your Views